कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने फिर दिया विवादित बयान, भाजपा ने किया पलटवार
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में थरूर के ऑफिस पर कुछ लोगों ने हमला किया। उनका ये तालिबानीकरण वाला बयान इस हमले के बाद आया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने फिर एक विवादित बयान दिया है। इस बार भी उनके निशाने पर भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि हिंदू धर्म में भी तालिबानी हरकतें शुरू हो गई हैं। हिदुत्व का तालिबानीकरण हो रहा है। इससे पहले थरूर ने कहा था कि अगर 2019 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी जीतती है तो भारत में 'हिंदू पाकिस्तान' जैसे हालात बन सकते हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने भी थरूर पर पलटवार करने में देर नहीं लगाई। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने ट्वीट कर थरूर के बयान पर तंज कसते हुए लिखा, ''हिंदू-पाकिस्तान' के बाद थरूर हिंदुओं पर उनके हमले को आगे बढ़ाने के लिए एक नया शब्द 'हिंदू-तालिबान' लेकर आए हैं। हिंदू-अतंकवादी से हिंदू-तालिबान तक... यह केवल हिंदुओं के प्रति कांग्रेस की नफरत को दर्शाता है! याद आया 'हाँ, कांग्रेस मुसलमानों की पार्टी है!'
थरूर के हिंदू पाकिस्तान वाले बयान पर मचा बवाल अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि उन्होंने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि वो उनसे पाकिस्तान जाने के लिए कहते हैं। लेकिन उन्हें आखिर किसने अधिकार दिया है वे फैसला करें कि शशि थरूर हिंदू नहीं हैं। शशि थरूर को इस देश में रहने का अधिकार नहीं है। इसे क्या हिंदुत्व में तालिबान की आहत कहा जाए?
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में थरूर के ऑफिस पर कुछ लोगों ने हमला किया। हालांकि जब ये हमला हुआ, तब वह ऑफिस में मौजूद नहीं थे। उनका ये तालिबानीकरण वाला बयान इस हमले के बाद आया है। कहा जा रहा है कि थरूर के ऑफिस पर हमला 'हिंदू पाकिस्तान' वाला बयान देने से नाराज लोगों ने किया।
थरूर का 'हिंदू पाकिस्तान' वाला विवादित बयान
हाल ही में शशि थरूर ने कहा था कि अगर 2019 में बीजेपी दोबारा सरकार बनाने में कामयाब होती है तो देश हिंदू पाकिस्तान बन जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत का संविधान भी खतरे में पड़ जाएगा। इस बयान को लेकर उनकी काफी आलोचना हुई।