अटल के अस्थि कलश पर कांग्रेसी ड्रामे के खिलाफ आक्रामक हुई भाजपा
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथित अस्थि कलश के मामले में कांग्रेसी ड्रामे के खिलाफ भाजपा आक्रामक हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस नेताओं की एसपी में शिकायत दर्ज कराई है।
रायपुर। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथित अस्थि कलश के मामले में कांग्रेसी ड्रामे के खिलाफ भाजपा आक्रामक हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस नेताओं की एसपी और थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, सोशल मीडिया में वीडियो जारी करके कलश का सच उजागर किया है।
भ्रामक प्रचार का आरोप
भाजपा के विधि प्रकोष्ठ प्रमुख नरेश गुप्ता ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल द्वारा अटल स्मारक निर्माण के लिए प्रदेश के गांव-गांव के पवित्र स्थान से लाई गई मिट्टी रखे कलश को अटल अस्थि कलश बताकर भ्रामक प्रचार किया गया। कांग्रेस नेता किरणमयी नायक, शैलेश नितिन त्रिवेदी, धनंजय त्रिवेदी, विनोद तिवारी सहित कार्यकर्ताओं के साथ एक राय होकर भाजपा कार्यालय में उपद्रव करने की नीयत से घुसने के प्रयास किया। इसकी शिकायत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से भी की गई है।
हमले का आरोप लगा
भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को शिकायत में बताया कि 16 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे कांग्रेस नेताओं ने 60-70 कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा कार्यालय में धावा बोल दिया। भीड़ द्वारा भाजपा कार्यालय में आग लगा दो, गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दो कहते हुए वहां उपस्थित पदाधिकारियों के लिए अश्लील शब्दों का उपयोग किया।
कार्रवाई की मांग
भाजपा ने सभी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संजय ने बताया कि पार्टी कांग्रेस की इस कुत्सित मानसिकता और गुंडागर्दी का विरोध करती है। कांग्रेस मुद्दाविहीन हो गई है। वह राज्य के शांत माहौल को बिगाड़ना चाहती है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लगातार सीडी कांड से लेकर माटी कलश घटना तक भ्रामक तथ्यों को बिना जांच पड़ताल के प्रसारित कर रहे हैं। इससे उनका मानसिक दिवालियापन उजागर होता है। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा नेता छगन मूंदड़ा, मोतीलाल साहू सहित अन्य शामिल थे।
अटल दूत का जारी किया वीडियो
भाजपा ने अटल नगर में अटल बिहारी वाजपेयी के स्मारक के लिए गांव-गांव से मिट्टी लाने का काम शुरू किया है। इसके लिए अटल दूत बनाये गये हैं। ताजा वीडियो में अटल दूत को देश के स्वाभिमान से जोड़कर बताया जा रहा है। इस वीडियो को भाजपा आईटी सेल ने प्रदेशभर में करीब दो लाख लोगों तक पहुंचाया है।