Bharat Bandh: राहुल गांधी ने किया ट्रेड यूनियन का समर्थन, बोले- बंद बुलाने वालों को मेरा सलाम
Bharat Bandh कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्रेड यूनियनों के भारत बंद का समर्थन किया है। साथ ही कहा है कि बंद बुलाने वालों को मेरा सलाम।
नई दिल्ली, एएनआइ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को ट्रेड यूनियनों के 'भारत बंद' के आह्वान का समर्थन किया और कहा कि केंद्र की 'जनविरोधी' और 'मजदूर विरोधी' नीतियों ने 'भयावह' बेरोजगारी पैदा की है। राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए ट्विट किया कि कहा, मोदी-शाह सरकार की जन विरोधी नीतियों ने भयावह बेरोजगारी की स्थिति बना दी है। PSUs को कमजोर किया है।
राहुल ने आगे लिखा कि आज करीब 25 करोड़ लोगों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ भारत बंद बुलाया है। उन्हें मेरा सलाम। भारत बंद के दौरान हुए विरोध प्रदर्शनों के कारण पश्चिम बंगाल और ओडिशा सहित देश के विभिन्न हिस्सों में बस और ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। भारत बंद पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अखिल भारतीय जीवन बीमा निगम ने कर्मचारियों ने बुधवार को ट्रेड यूनियनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद में हिस्सा लिया है।
क्यों बुलाई गई हड़ताल
सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू), इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) सहित दस केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने 12-प्वाइंट चार्टर की मांग करते हुआ हड़ताल का आह्वान किया है। जानकारी के लिए बता दें कि ट्रेड यूनियन भारतीय मजदूर संघ (BMS) हड़ताल में हिस्सा नहीं ले रहा है। ट्रेड यूनियनों का कहना है कि केंद्र सरकार की आर्थिक और जन विरोधी नीतियों के विरोध में हड़ताल बुलाई गई है। इसी के साथ इन लोगों ने लेबर लॉ का भी विरोध किया है। इसी के साथ स्टूडेंट्स ने भी शिक्षण संस्थानों में फीस बढ़ाने पर विरोध कर रहे हैं।