Howdy Modi से पहले इन देशों में PM Modi ने बिखेरा था भारत का जलवा, ये थे उनके मेगा इवेंट्स
अमेरिका के Houston शहर में पीएम मोदी Howdy Modi कार्यक्रम को संबोधित किया। इसके पहले भी पीएम मोदी ने विदेशी धरती से कई मेगा इवेंट्स से भारत का जलवा बिखेरा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। अमेरिका के शहर ह्यूस्टन (Houston) से पीएम मोदी Howdy Modi कार्यक्रम को संबोधित किया। इसके पहले पीएम मोदी ने जब भी विदेश का दौरा किया है, तो वहां रह रहे प्रवासी भारतीयों को उन्होंने जरूर संबोधित किया है। पीएम मोदी का यह मकसद रहता है कि भारतीय चाहे जहां विश्व के किसी कोने में रह रहे हों, उनका देश भारत उनके साथ हमेशा खड़ा रहेगा।
बता दें कि पीएम मोदी अमेरिका ही नहीं बल्कि इसके पहले भी कई देशों में प्रवासी भारतीयों को संबोधित कर चुके हैं। विदेशी मंच से पीएम मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का जलवा बिखेरा है। कुछ ऐसे ही मेगा इवेंट्स के बारे में जानते हैं, जब पूरी दुनिया ने भारत की ताकत और पीएम मोदी के संदेश को सुना और सराहा है।
न्यूयार्क के मैडिसन स्क्वायर में भाषण
पीएम मोदी ने अपने पहले कार्यकाल में साल 2014 में पहली बार मेडिसन स्क्वायर में प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया था। तब पीएम मोदी को सुनने 20 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे थे। मोदी के इस भाषण को भारत समेत दुनिया में भी खूब सराहा गया था।
दुबई में संबोधन
प्रधानमंत्री मोदी ने अगस्त 2015 में दुबई में भारतीयों को संबोधित किया था जिसमें 50 हजार लोग जुटे थे। ये सभी लोग मोदी के पहुंचने से घंटों पहले स्टेडियम में मौजूद थे। फरवरी 2018 में पीएम मोदी ने एकबार फिर दुबई में प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया जिसमें 18 हजार लोग जुटे थे।
लंदन में संबोधन
नवंबर 2015 में पीएम मोदी ने वेम्बेल स्टेडियम में भारतीयो को संबोधित किया था। विदेश में हुए पीएम मोदी के इस कार्यक्रम में अबतक सबसे ज्यादा लोग पहुंचे थे, जिसमे 60 हजार दर्शक मौजूद थे। उस दौरान मोदी के साथ ब्रिटेन के तत्कालिन पीएम डेविड कैमरन ने मंच साझा किया था।
अमेरिका के सैन जोस में संबोधन
पीएम मोदी ने सितंबर 2015 में अमेरिका के सैन जोस में भी भारतीयों को संबोधित किया था। इस कार्यक्रम में अमेरिकी सांसदों ने भी हिस्सा लिया था। यहां बड़ी संख्या में भारतीय इंजिनियर्स काम करते हैं। इस इवेंट में 20 हजार लोग जुटे थे।
इन सब के अलावा पीएम मोदी ने विश्व के कई अन्य देशों में संबोधन किया है। जिसमें प्रमुख रूप से वॉशिंगटन डीसी, सिंगापुर, जोहान्सबर्ग, टोरंटो मनामा के मेगा इवेंट शामिल हैं। मोदी के इन मेगा इवेंट में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया था।