गोरखा ब्रिगेड को गणतंत्र दिवस परेड के सर्वश्रेष्ठ मार्चिग दस्ते का पुरस्कार
परेड में कुल 22 झांकियां शामिल की गई थीं, जिनमें 16 राज्यों से और छह केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों से थीं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। गोरखा ब्रिगेड को इस साल गणतंत्र दिवस परेड के सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दस्ते की ट्राफी दी गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ को अर्धसैनिक और अन्य सहायक बलों में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दस्ते का खिताब दिया गया।
केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों का प्रतिनिधित्व करने वाली झांकियों की श्रेणी में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आइसीएआर) को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार मिला। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की झांकी को महात्मा गांधी का अहिंसक आंदोलन दिखाने के लिए विशेष पुरस्कार दिया गया।
परेड में कुल 22 झांकियां शामिल की गई थीं, जिनमें 16 राज्यों से और छह केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों से थीं। इनका थीम महात्मा गांधी का जीवन और आदर्श था। स्कूली बच्चों के बीच नेवी चिल्ड्रन स्कूल चाणक्यपुरी, दिल्ली को शीर्ष पुरस्कार मिला। पुरस्कार विजेताओं का चयन रक्षा मंत्रालय द्वारा नियुक्त विशेषज्ञों के एक पैनल द्वारा किया गया था।