पश्चिम बंगाल में एक और भाजपा कार्यकर्ता की हत्या, पहले तृणमूल का था कार्यकर्ता
मंगलवार सुबह कार्यकर्ता के घर से तीन किलोमीटर दूर एक तालाब से उसका गला कटा शव बरामद किया गया।
कूचबिहार, जागरण संवाददाता। पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में एक और भाजपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई है। मृतक की शिनाख्त आनंद पाल (30) के रूप में की गई है। शव के गले में धारदार हथियार से हमले के निशान है। शरीर पर भी चोट के निशान पाए गए। घटनास्थल से एक बाइक बरामद हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक के बड़े भाई गोविंद पाल ने कहा कि उनके छोटे भाई पहले तृणमूल के कार्यकर्ता थे, बाद में वह भाजपा में शामिल हो गए थे। लेकिन तृणमूल मृतक को अपना पार्टी कार्यकर्ता बता रही है। दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर व्यक्ति की हत्या का आरोप लगा रही है।
कूचबिहार जिला भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के महासचिव एनामुल हक ने कहा कि सोमवार रात को मोहल्ले में पिकनिक का आयोजन किया गया था। पिकनिक से आनंद और घर नहीं लौटा। उसी रात को उसकी हत्या कर दी गई होगी। मंगलवार सुबह आनंद के घर से तीन किलोमीटर दूर एक तालाब से उसका गला कटा शव बरामद किया गया।
उत्तर बंगाल विकास मंत्री तथा कूचबिहार जिला तृणमूल के पूर्व अध्यक्ष रवींद्रनाथ घोष ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनके पार्टी के कार्यकर्ता आनंद पाल की हत्या कर दी हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप