अमित शाह तीन अक्टूबर को दिखाएंगे दिल्ली-कटरा वंदे भारत को हरी झंडी
इस ट्रेन के जरिये दिल्ली से कटरा के बीच की दूरी 8 घंटे में तय होगी। कटरा वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा के लिए आखिरी स्टेशन है। पहले इस दूरी को तय करने में 12 घंटे लगते थे।
नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन अक्टूबर को दिल्ली-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। रेलमंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
तेज गति वाली इस ट्रेन के जरिये दिल्ली से कटरा के बीच की दूरी आठ घंटे में तय होगी। कटरा वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा के लिए आखिरी स्टेशन है। पहले इस दूरी को तय करने में 12 घंटे लगते थे।
गोयल ने ट्वीट किया, 'भारत की सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी के लिए वंदे मातरम एक्सप्रेस के संचालन के बाद रेलवे नवरात्रि के अवसर पर दिल्ली से कटरा के लिए दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन करने जा रहा है। तीन अक्टूबर को गृहमंत्री अमित शाह इसे हरी झंडी दिखाएंगे।' पहले वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी साल फरवरी में हरी झंडी दिखाई थी।