जीत की ऐसी आंधी चलाओ कि बंगाल-ओडिशा में बन जाए सुनामी : शाह
शाह ने भाजपा की हर जीत का श्रेय बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को दिया।
नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की नजरें छत्तीसगढ़ में सत्ता की चौथी पारी पर थीं और निशाने पर था 2019 का लोकसभा चुनाव। जगदलपुर और रायपुर में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में शाह ने जहां उनको रिचार्ज किया, वहीं शपथ दिलाई कि छत्तीसगढ़ में जीत की ऐसी आंधी चलाओ, जो पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना पहुंचकर सुनामी में बदल जाए। शाह ने भाजपा की हर जीत का श्रेय बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को दिया। जनसंघ से शुरू हुए सफर की याद दिलाई, तो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधना भी नहीं चूके।
इस दौरान शाह ने बस्तर के नक्सलवाद के लिए कांग्रेस की सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ गठजोड़ के कारण ही बस्तर में नक्सलवाद फलता रहा। इसे भाजपा सरकार ने कमजोर किया। प्रदेश में चौथी बार और केंद्र में 2019 में मोदी की सरकार आने के बाद नक्सलवाद का सफाया हो जाएगा। इस दौरान उन्होंने परिवारवाद को लेकर राहुल गांधी पर हमला बोला।
पूछा, यूपीए सरकार ने आदिवासियों के लिए क्या किया?
जगदलपुर में शाह ने कहा कि बस्तर, दंतेवाड़ा, छत्तीसगढ़ को कांग्रेस ने नक्सलियों के हाथों छोड़ दिया था। भाजपा ने नक्सलियों को खदेड़कर नक्सलमुक्त करने का काम किया है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह बस्तर के अंदरूनी क्षेत्र बीजापुर, दंतेवाड़ा जाकर विकास देख रहे हैं। एजुकेशन हब, बस्तर नेट, मेडिकल कॉलेज, रेललाइन, चमचमाती सड़कें, स्टील प्लांट बस्तर की पहचान बने हैं। राहुल से पूछना चाहिए कि दस साल यूपीए की सरकार थी, तब आदिवासियों के लिए क्या किया?
मां दंतेश्वरी के दरबार में शाह व सिंह ने टेका माथा
नवरात्र के पंचमी पर मांईजी के दर्शन के लिए अमित शाह और डॉ रमन सिंह दंतेवाड़ा पहुंचे। करीब 15 मिनट तक दंतेश्वरी माता की पूजा- अर्चना की। इसके बाद भुनेश्वरी माता के दर्शन कर रवाना हो गए।