Move to Jagran APP

Jharkhand Election 2019: झारखंड में बोले अमित शाह, 70 साल से 370 को पाल रही थी कांग्रेस

Jharkhand Assembly Election 2019. लातेहार और लोहरदगा में रैली कर भाजपा अध्यक्ष ने चुनावी शंखनाद किया। बोले कांग्रेस ने आदिवासियों से सिर्फ वोट लेने का काम किया।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Thu, 21 Nov 2019 08:29 PM (IST)Updated: Fri, 22 Nov 2019 03:49 AM (IST)
Jharkhand Election 2019: झारखंड में बोले अमित शाह, 70 साल से 370 को पाल रही थी कांग्रेस
Jharkhand Election 2019: झारखंड में बोले अमित शाह, 70 साल से 370 को पाल रही थी कांग्रेस

लातेहार/लोहरदगा, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने झारखंड में कहा कि इतने सालों से अयोध्‍या में राम मंदिर बनने से कांग्रेस रोक रही थी। अब वहां आसमान छूने वाला भव्‍य राम मंदिर बनेगा। शाह ने लातेहार और लोहरदगा की धरती से भाजपा के दमदार चुनाव प्रचार का आगाज करते हुए राज्य की जनता से ऐसी सरकार चुनने का आह्वान किया जिसमें जंग न लगे। कहा, लोहरदगा की धरती ऐसी धातु का निर्माण करती है, जिसमें जंग नहीं लगती है। आप भी एक बार फिर ऐसी सरकार चुनें जिसमें पांच साल जंग न लगे।

loksabha election banner

अयोध्या में आसमान छूने वाला भव्य राम मंदिर बनेगा : अमित शाह

लातेहार के मनिका में जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला दिया है, कोर्ट के फैसले से अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है और अब वहां आसमान छूने वाला भव्य मंदिर बनेगा। राम मंदिर मामले पर कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। कहा कि कांग्रेस ने अयोध्या मामले में अड़चनें पैदा कीं।

कांग्रेस पार्टी केस ही नहीं चलने देती थी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से विशेष राज्य का दर्जा वापस लेने के केंद्र सरकार के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने वोट बैंक के लालच में मामले को 70 साल से लटकाए हुए थी। लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत पर लगे आर्टिकल-370 के कलंक को हटाकर कश्मीर के विकास के रास्ते खोल दिए हैं।

भाजपा पिछड़ों का बढ़ाएगी आरक्षण, घोषणापत्र में करेगी शामिल

पिछड़ा समाज का आरक्षण बढ़ाने का वादा करते हुए शाह ने कहा, भाजपा अपने घोषणा-पत्र में इसका जिक्र करेगी। सरकार बनने के बाद कमेटी का गठन कर आरक्षण बढ़ाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। शाह ने अपने संबोधन के क्रम में आदिवासियों, गरीबों व किसानों के हितों के लिए किए जा रहे कार्यों की चर्चा के साथ ही कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पिछड़ों के लिए आरक्षण बढ़ाने का वादा भी किया।

अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत हमेशा की तरह झारखंड के शहीदों को नमन करते हुए की। अलग झारखंड निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भूमिका की चर्चा की। कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि झारखंड निर्माण के लिए कितने ही नौजवान शहीद हुए लेकिन कांग्रेस टस से मस नहीं हुई। अटल जी ने जब झारखंड का निर्माण किया तब राज्य के विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ।

मौके पर उन्होंने झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को भी निशाने पर लिया। कहा, सत्ता सुख हासिल करने को हेमंत किसके साथ बैठे हैं, जिन्होंने युवाओं पर गोलियां चलवाई। कहा, कांग्रेस ने आदिवासी समाज के विकास के लिए कोई काम नहीं किया। अटल जी ने अलग आदिवासी मंत्रालय बनाया। देश के आदिवासियों के लिए भाजपा खुले दिल से काम कर रही है।

शाह बोले, कांग्रेस ने आदिवासी समाज से सिर्फ वोट प्राप्त करने का काम किया। आज सिर्फ साठ हजार करोड़ का बजट आदिवासी हितों के लिए खर्च किया जा रहा है। शाह ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ गरीबी की बात करती है, गरीबी दूर करने की नहीं। नरेंद्र मोदी सरकार गरीबी दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है। झारखंड के विकास, गरीबों, दलितों, आदिवासियों के लिए संकल्पित है। यह संकल्प पूरा करना है, इसलिए प्रचंड बहुमत से कमल फूल की सरकार बनाएं।

नक्सल मुक्ति का श्रेय रघुवर को दिया

अमित शाह ने झारखंड में नक्सल उन्मूलन का श्रेय मुख्यमंत्री रघुवर दास को दिया। कहा, आज झारखंड नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है। इसका पूरा श्रेय रघुवर दास को जाता है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.