शाह ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा- 2024 से पूर्व भारत 5 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनकर रहेगा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उद्योग जगत की पीठ थपथपाते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी किया और यह भरोसा भी दिया कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। अर्थव्यवस्था को लेकर विपक्ष की ओर से खड़े किए जा रहे सवालों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि 2024 से पहले हिन्दुस्तान पांच ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनकर रहेगा। वहीं उद्योग जगत की पीठ थपथपाते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी किया और यह भरोसा भी दिया कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। कुछ सख्त सुधारों के कारण हुई परेशानियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि जो परेशानी झेलते हैं बाद में उन्हें ही फल मिलता है।
केंद्रीय गृह मंत्री आइमा (ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन) के नेशनल मैनेजमेंट कंवेंशन में उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पांच साल पहले देश की औसत जीडीपी छह फीसद के आस- पास ही थी, जबकि पिछले पांच सालों में यह सात फीसद से भी अधिक रही है। हम पांच ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनने की बात कर रहे है, तो इसके पीछे मजबूत आधार है।
प्रति व्यक्ति राष्ट्रीय आय में पिछले पांच सालों में सबसे ज्यादा बढोत्तरी हुई है, जो अब 78 हजार से बढ़कर 1.26 लाख प्रति व्यक्ति हो गई है। कृषि आय में भी भारी बढ़ोत्तरी हुई है। यह सब ऐसे नहीं हुआ है, इसके लिए हमने पैसा लगाए है। कृषि का बजट जहां पहले 1.21 लाख करोड़ था, उसे हमने बढ़ाकर 2.11 लाख करोड़ किया है। इसके साथ ही उन्होंने अर्थव्यवस्था की सेहत से जुड़ी और कई अहम जानकारियां साझा की।
उद्योग जगत को भरोसा
गृह मंत्री ने इस दौरान उद्योग जगत से भी पीएम मोदी के न्यू इंडिया के सपने को साकार बनाने के लिए आगे आने की अपील की। साथ ही भरोसा दिलाया कि वह आगे आए, उन्हें कोई दिक्कत नहीं होने देंगे। सरकार मन खोलकर उनका सहयोग करेगी। देश के अंदर निश्चिंतता के वातावरण के लिए कानूनी नियम कायदों से चलने की जरूरत है। पर कुछ लोग गलफहमियां पैदा कर रहे है।
आइमा और फिक्की आगे आएं और विकास को गति दें
हम चाहते है कि देश में ऐसी व्यवस्था हो, जिसमें किसी को किसी को पूछना ही न पड़े। उन्होंने आइमा और फिक्की जैसे संगठनों से आग्रह किया कि वह आगे आएं और देश के विकास को गति देने में अपना योगदान दें। उद्योगों से कलस्टर तैयार कर रक्षा, फार्मा आदि क्षेत्रों में आगे आने को कहा।
मोदी जी सारे परिवर्तनों को खुले दिल से स्वीकार करने को तैयार हैं। देश के उद्योंगों ने दुनिया के सामने कई बार अपना लोहा मनवाया है और वह फिर से इस दिशा में जाने के लिए खुद को तैयार करें।
शाह का कांग्रेस पर हमला
कांग्रेस की पूर्व सरकार पर हमला करते हुए शाह ने जहां कांग्रेस पर हमला किया वहीं परोक्ष रूप से यह सवाल भी रख दिया कि जनता कहीं बहुदलीय व्यवस्था से उचाट तो नहीं हो गई है। उन्होंने कहा कि संविधान में यह भावना थी कि बहुदलीय व्यवस्था से देश का विकास होगा। लेकिन 70 वर्षो में दुविधा खड़ी हो गई।
पांच वर्षो में भाजपा का व्यापक विस्तार
ध्यान रहे कि पिछले पांच वर्षो में केवल केंद्र ही नहीं पूरे देश में भाजपा का व्यापक विस्तार हुआ है और अन्य दलों को लोगों ने नकारा है। शाह ने कहा कि कांग्रेस सरकार न सिर्फ भ्रष्टाचार में डूबी थी बल्कि बड़े फैसले लेने में डरती थी। 30 सालों तक सत्ता में रहने के बाद भी पांच बड़े फैसले नहीं कर पायी। वजह इच्छाशक्ति की कमी थी। वोट बैंक की राजनीति थी। लेकिन हमारी सरकार ने पांच साल में 50 से ज्यादा बड़े फैसले किए है। सभी जनता के हित में लिए गए है।