अमित शाह की राहुल गांधी को चुनौती, साबित करें कि PM मोदी ने उद्योगपतियों के कर्ज माफ किए
अमित शाह ने कांग्रेस प्रमुख को खुली चुनौती दी है कि वह अपने इन आरोपों को साबित करें कि मोदी सरकार में उद्योगपतियों के कर्ज को माफ किया गया है।
हुम्नाबाद (कर्नाटक), (प्रेट्र)। मोदी सरकार में उद्योगपतियों की कर्ज माफी के कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आरोपों का भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने जोरदार विरोध किया है। उन्होंने कांग्रेस प्रमुख को खुली चुनौती दी है कि वह अपने इन आरोपों को साबित करें कि मोदी सरकार में उद्योगपतियों के कर्ज को माफ किया गया है।
अमित शाह रविवार को उत्तरी कर्नाटक के हुम्नाबाद में गन्ना किसानों के साथ बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी जो कहते रहते हैं कि मोदी सरकार ने उद्योगपतियों का कर्जा माफ किया है। उनका यह आरोप पूरी तरह से असत्य है। अगर इस बारे में उनके पास कोई दस्तावेज है तो उसे सार्वजनिक करें।'
बकौल शाह, 'कांग्रेस अध्यक्ष का यह कहना कि भाजपा ने पूंजीपतियों के लाखों करोड़ के कर्जे को माफ कर दिया है। यह आरोप सरासर गलत है। एक बात मैं गारंटी से कह सकता हूं कि जब से मोदी सरकार आई है, किसी भी उद्योगपति का एक भी पैसे का कर्ज माफ नहीं किया गया है।' भाजपा अध्यक्ष के अनुसार, 'अगर उनके (राहुल गांधी) पास इस बात के कोई भी दस्तावेजी सुबूत हैं तो उन्हें सार्वजनिक करें। राहुल गांधी जो भी कह रहे हैं, वह सरासर गलत है।'
अमित शाह तीन दिनों के कर्नाटक चुनावी दौरे पर हैं। इस दौरान वह उत्तर कर्नाटक के बीदर, कलबुर्गी और यादगीर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।