Move to Jagran APP

गठबंधन पर अमित शाह का तंज, हर दिन बनेंगे अलग-अलग पीएम

लोकसभा चुनाव में जीत का मंत्र देने के लिए निराला नगर में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन।

By AbhishekEdited By: Published: Wed, 30 Jan 2019 12:52 PM (IST)Updated: Thu, 31 Jan 2019 11:09 AM (IST)
गठबंधन पर अमित शाह का तंज, हर दिन बनेंगे अलग-अलग पीएम
गठबंधन पर अमित शाह का तंज, हर दिन बनेंगे अलग-अलग पीएम
कानपुर,जेएनएन। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि राम मंदिर मुद्दे पर कांग्रेस को बोलने का कोई अधिकार नहीं है। क्योंकि कांग्रेस कतई नहीं चाहती है कि अयोध्या में राम मंदिर बने। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से पहले ही कांग्रेस के वकील तारीख बढ़वा देते हैं। भाजपा सरकार में आई तो पता चला श्रीराम जन्म भूमि न्यास की 42 एकड़ भूमि कांग्रेस सरकार ने 1993 में अधिग्रहीत कर ली थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साधुवाद देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अब इस भूमि को श्रीराम जन्म भूमि न्यास को वापस करके एतिहासिक कदम उठाया है। कहा, अयोध्या में राम मंदिर जल्द बनेगा, इसके लिए भाजपा कटिबद्ध है और ये हमारा संकल्प है। वह निराला नगर रेलवे ग्राउंड में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। 

गठबंधन की सरकार में रविवार को देश छुट्टी पर होगा
भाजपा अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कार्यकर्ताओं से पूछा कि भाजपा से प्रधानमंत्री कौन तो जवाब मिला मोदी जी, फिर पूछा गठबंधन में प्रधानमंत्री कौन तो जवाब आया कोई नहीं। इसपर उन्होंने कहा कि हम बताते हैं कि गठबंधन में प्रधानमंत्री किस तरह बन सकते हैं, सोमवार को बहनजी, मंगलवार को अखिलेश जी, बुधवार को ममता जी, गुरुवार को शरद पवार जी होंगे, शुक्रवार को देवेगौड़ा, शनिवार को स्टालिन बन जाएंगे और रविवार को देश छुट्टी पर हो जाएगा। कहा, चुनाव से पहले गठबंधन के सभी नेता एनआरसी मुद्दे पर रुख जनता के सामने स्पष्ट करें कि घुसपैठिये को रहने देना चाहते हो या नहीं। देश की सुरक्षा के लिए भाजपा संकल्पित है। इससे कोई समझौता नहीं होगा। एक बार फिर भाजपा की सरकार बनी तो कश्मीर से कन्याकुमारी तक कटक से अटक तक घुसपैठियों को टिकने नहीं दिया जाएगा। 
मजबूत सरकार या मजबूर सरकार चाहिये
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यूपी में कानपुर से चुनावी रणभेरी का बिगुल फूंक दिया। निराला नगर के रेलवे ग्राउंड में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में बूथ कार्यकर्ताओं के बीच भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रश्न करते हुए नारा दिया कि देश में मजबूर सरकार चाहिये या मजबूत सरकार। इसपर कार्यकर्ताओं की तरफ से मजबूत सरकार का जवाब मिलने पर कहा कि इसके लिए मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाना होगा। ये लड़ाई पूरे देश के लिए है, भाजपा के लिए नहीं बल्कि भारत के लिए लडऩा है। भाजपा कार्यकर्ता इतनी मेहनत करें कि यूपी की 74 सीटों पर जीत मिले और फिर यूपी कह सके कि हमने ही सरकार बनाई। ऐसी जीत लेकर आएं कि विरोधियों के दिल की धड़कनें तेज हो जाएं, दिल दहल जाएं कुछ भी बोल न पाएं। इसके साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा जंग जीतने के लिए तैयार हैं, तो हाथ उठाकर जवाब मिला हां। उन्होंने कहा कि मोदी जी को चार सौ सीटों पर जिताएं। भारत में विकास के लिए, देश को समृद्ध बनाने के लिए जिताएं। अंत में उन्होंने भारत माता की जय और वंदेमात्रम के उद्घोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेन्द्र नाथ पांडेय सभी नेता मंच रहे और अपने संबोधन में केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के बताने के साथ कार्यकर्ताओं से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया है। 

2014 लोकसभा और फिर 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कानपुर में 'बूथ जीता, चुनाव जीता...। का मंत्र देकर जीत हासिल की थी। 

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.