राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने चिदंबरम पर कसा तंज, पूछा- जेल में कैसा लग रहा
भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बंद पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम को लेकर अमर सिंह ने ट्वीट किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा है- इतिहास खुद को दोहराता है।
नई दिल्ली, एजेंसी। राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बंद पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम को लेकर एक ट्वीट किया है। अमर सिंह ने चिदंबरम पर तंज कसते हुए कहा है- इतिहास खुद को दोहराता है।
19 सितंबर की शाम को किए इस ट्वीट में अमर सिंह ने लिखा है कि पहली बार मैं अपने पुराने परिचित पी चिदंबरम के लिए गहरी सहानुभूति महसूस कर रहा हूं। अपनी किडनी ट्रांसप्लांट के ठीक बाद उनकी सरकार बचाने के बावजूद उन्होंने मुझे जेल भेज दिया था और मैं उसी फर्श पर बिना तकिए के सोया था। आज इतिहास खुद को दोहरा रहा है। पी चिदंबरम, आपको कैसा लग रहा है?'
गौरतलब है कि इस समय पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम भ्रष्टाचार के मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। अमर सिंह इससे पहले भी चिदंबरम पर आरोपों के अपने विडियो जारी करते रहे हैं। ऐसे ही एक विडियो में अमर सिंह ने अस्पताल के बेड से दावा किया था कि 'करप्शन केस में फंसे पी. चिदंबरम ने यूपीए सरकार में वित्त मंत्री के तौर पर कई कंपनियों को मनमाने तरीके से पैसे बांटे थे।
अपने एक और ट्वीट में अमर सिंह ने चिदंबरम की गिरफ्तारी को सही ठहराया और इसे ऐतिहासिक दिन बताया था। अमर सिंह ने कहा था कि जो लोग सफेद कपड़ों में घूम रहे थे, वह पकड़े गए हैं।
यह भी पढ़ेंः INX Media Case: पी चिदंबरम की न्यायिक हिरासत 3 अक्टूबर तक बढ़ाई गई