कांग्रेस में फिर इस्तीफों का दौर, पार्टी मुख्यमंत्रियों के साथ राहुल गांधी की बैठक, हार पर मंथन
कांग्रेस अध्यक्ष पद पर बने रहने के लिए राहुल गांधी को मनाने की कोशिशें जारी हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री आज राहुल गांधी से मिलेंगे।
नई दिल्ली, एएनआइ। लोकसभा चुनावों में करारी हार के बाद राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने पर अड़े हुए हैं। उन्हें मनाने को लेकर कांग्रेस के भीतर कोशिशें भी जारी हैं। इन्हीं कोशिशों के बीच कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री आज राहुल गांधी से मिलेंगे और उनसे पार्टी के अध्यक्ष बने रहने की अपील करेंगे। चुनाव नतीजों के बाद मुख्यमंत्रियों के साथ होने वाली राहुल गांधी की यह पहली बैठक है।
इस बीच, कांग्रेस में एकबार फिर इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। पार्टी में अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष नितिन राउत (Nitin Raut) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यूपी कांग्रेस कमेटी के सचिव अजय सारस्वत 'सोनी' ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कर्नाटक में भी राजनीतिक हलचल जारी है। बल्लारी जिला स्थित विजयनगर के विधायक आनंद सिंह के विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने की खबरें हैं। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष ने इस बात से अनभिज्ञता जाहिर किया है।
यह भी माना जा रहा है कि इस बैठक में चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन सहित संगठन को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। कांग्रेस पार्टी की फिलहाल देश के पांच राज्यों में सरकार है। इनमें पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पुद्दुचेरी शामिल है। इनमें कमोबेश पंजाब को छोड़कर सभी राज्यों में पार्टी का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। पंजाब में कांग्रेस ने कुल 13 सीटों में आठ पर जीत दर्ज की थी। जबकि राजस्थान में पार्टी का खाता तक नहीं खुला। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में सत्ता मे आने के बावजूद लोकसभा में प्रदर्शन बहुत निराशाजनक रहा।
कांग्रेस का अगला अध्यक्ष कौन होगा इस बारे में भी अटकलों का बाजार गर्म है। कुछ मीडिया रिपोटर्स में कहा गया है कि कांग्रेस ने पार्टी की कमान किसके हाथ में देनी है उसके लिए उपयुक्त नेता का चुनाव कर लिया है। कांग्रेस आलाकमान ने गांधी परिवार संग सभी नामों पर विचार-विमर्श करने के बाद मन बनाया है कि पूर्व गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे को पार्टी का अगला अध्यक्ष बनाया जाए। सूत्र बताते हैं कि इसकी घोषणा में थोड़ी देरी हो सकती है।