विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'हमसे पूछा तक नहीं गया', यूपी उपचुनाव के लिए सपा ने जारी की लिस्ट; छलका कांग्रेस का दर्द

Published: Wed, 09 Oct 2024 04:42 PM (IST)

हरियाणा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद इंडी गठबंधन के नेता ही सहयोगी दल पर तंज कसने लगे हैं। ...और पढ़ें

अखिलेश यादव के बदले तेवर (फाइल फोटो)
अखिलेश यादव के बदले तेवर (फाइल फोटो)

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा की सत्ता में वापसी का सपना देख रही कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। चुनाव में करारी शिकस्त के बाद इंडी गठबंधन में शामिल दल अब कांग्रेस से दूरी बनाते दिख रहे हैं। महाराष्ट्र में महाविकास आघाड़ी गठबंधन के नेता चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस पर तंज कसने लगे हैं। वहीं, अब यूपी में सपा अध्यक्ष अखिलेश ने भी अपने तेवर दिखा दिए हैं।

सपा ने जारी की लिस्ट

सपा ने यूपी में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। सपा ने अपने 6 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। बता दें कि यूपी में 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है।

सपा की लिस्ट से टूटा कांग्रेस का दिल!

सपा की लिस्ट जारी होने के बाद कांग्रेस ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। यूपी कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि सपा ने उम्मीदवारों के नामों को लेकर इंडी गठबंधन की समन्वय समिति के साथ चर्चा नहीं की। हमें विश्वास में भी नहीं लिया गया।

सामना में भी कांग्रेस पर तंज

शिवसेना (यूबीटी) ने भी अपने मुखपत्र सामना में कांग्रेस पर तंज कसा है। सामना में लिखा है कि कांग्रेस को हरियाणा के नतीजों से सीख लेने की जरूरत है। कांग्रेस को पता है कि जीत को हार में कैसे बदलना है।

सीपीआई ने भी दिखाया आईना

वहीं, सीपीआई नेता डी राजा ने कहा कि इंडी गठबंधन हरियाणा में साथ में चुनाव नहीं लड़ा, इसी वजह से बीजेपी को फायदा हुआ। कांग्रेस को गंभीरता से विचार की जरूरत है।

AAP ने दिया झटका

वहीं, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि हरियाणा के लोग बीजेपी को हराना चाह रहे थे, लेकिन कांग्रेस में कमी रह गई। कांग्रेस की रणनीति में कमी रही। एकजुटता की कमी रही।