अजीत जोगी को फिर लगा बड़ा झटका, बड़े नेताओं की कांग्रेस में वापसी
जकांछ की युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष विनोद समेत अन्य नेताओं को कांग्रेस में शामिल कराया गया।
नई दुनिया, रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जकांछ) को छोड़कर नेता और कार्यकर्ता एक के बाद एक कांग्रेस में वापसी कर रहे हैं। गुरुवार को उन्हें एक बार फिर से बड़ा झटका मिला। इस बार युवा जनता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विनोद तिवारी समेत संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारियों ने कांग्रेस में वापसी की है।
गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल अपने विधानसभा क्षेत्र पाटन के कुम्हारी में अपना जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। इस मौके पर जकांछ की युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष विनोद समेत अन्य नेताओं को कांग्रेस में शामिल कराया। तिवारी के साथ युवा जनता कांग्रेस के आठ प्रदेश उपाध्यक्ष, 10 प्रदेश महासचिव, सात प्रदेश सचिव, बिलासपुर संभाग के अध्यक्ष, सोशल मीडिया के प्रदेश संयोजक, युवा संगठन के रायपुर जिलाध्यक्ष, जिला महासचिव, बिरगांव नगर निगम क्षेत्र के अध्यक्ष, देवभोग संगठन जिला के अध्यक्ष के अलावा रायपुर शहर के चारों विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्षों ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है।