कर्नाटक का नाटक : बजट से पहले कुमारस्वामी ने कांग्रेसी विधायक उमेश जाधव को इस पद से हटाया
कर्नाटक में जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन में जारी घमासान के बीच बजट पेश से पहले सीएम एचडी कुमारस्वामी ने कांग्रेसी विधायक उमेश जाधव को वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के चेयरमैन पद से हटा दिया है।
बेंगलुरु, एएनआइ। कर्नाटक में जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन के बीच विधायकों की नाराजगी के चलते तकरार कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में आज बजट पेश करने से पहले सीएम एचडी कुमारस्वामी ने कांग्रेस के विधायक उमेश जाधव को वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के चेयरमैन पद से हटा दिया है। उनकी जगह प्रताप गौड़ा पाटिल लेंगे। इसके आलावा कर्नाटक में रायचूर से कांग्रेस विधायक बसनगौड़ा डड्डल को महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
बता दें कि पार्टी ने व्हिप जारी कर सभी विधायकों को सदन में उपस्थित रहने के लिए कहा था। इसके बाद भी नाराज चल रहे कांग्रेस के करीब 10 विधायक गुरुवार को 10 दिवसीय बजट सत्र के पहले दिन सदन में मौजूद नहीं थे। कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता सिद्धारमैया ने गुरुवार को उन्हें चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर शुक्रवार सुबह ये नेता सीएलपी की बैठक में शामिल नहीं होते हैं तो उन्हें दल-बदल कानून के तहत अयोग्य घोषित किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी शुक्रवार को अगले वित्तीय वर्ष (2019-20) के लिए बजट पेश करने वाले हैं। इन नाराज विधायकों से निपटने के लिए, कांग्रेस ने स्थिति की समीक्षा की और विधानसभा अध्यक्ष के.आर. रमेश कुमार को इसे लेकर पत्र लिखने का विचार किया जा रहा है। इसमें बजट सत्र के दौरान गैरहाजिर रहने वाले विधायकों को अयोग्य घोषित करने की मांग भी शामिल हो सकता है। बजट को 15 फरवरी को बहस के बाद पारित किया जाना है। इसे पास करने के लिए सभी 79 कांग्रेस सदस्य का सदन में उपस्थित होना जरूरी है।