साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के बाद अब भाजपा विधायक ठाकुर ने गोडसे को बताया राष्ट्रवादी
विधायक ठाकुर ने बुधवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि गोडसे राष्ट्रवादी थे। जीवनभर उन्होंने देश की चिंता की।
इंदौर, राज्य ब्यूरो। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के बाद अब मध्य प्रदेश के महू से भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे को राष्ट्रवादी बताकर नया विवाद खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने उनके बयान की आलोचना की है।
विधायक ठाकुर ने बुधवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि गोडसे राष्ट्रवादी थे। जीवनभर उन्होंने देश की चिंता की। क्या काल-परिस्थितियां रही होंगी, जो उन्होंने ऐसा निर्णय लिया, यह तो वे ही जान सकते हैं? इस पर हम टिप्पणी नहीं कर सकते।
भोपाल से भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीतने वाली साध्वी प्रज्ञा के गोडसे से जुड़े बयान पर उन्होंने कहा कि पार्टी स्पष्ट कर चुकी है कि वह साध्वी का निजी बयान था। उधर, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा कि विधायक ठाकुर ने गोडसे को राष्ट्रवादी बताकर यह साबित कर दिया कि भाजपा गोडसे की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है।
गोडसे पर दिए गए बयान के बाद भाजपा यदि साध्वी प्रज्ञा पर कार्रवाई कर देती तो दूसरे नेताओं में इस तरह के बयान देने की हिम्मत नहीं होती। महात्मा गांधी के हत्यारे को राष्ट्रवादी बताने वाली विधायक ठाकुर के खिलाफ भाजपा को कार्रवाई करनी चाहिए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप