उपचुनाव के बाद तमिलनाडु में बहुमत में आई अन्नाद्रमुक सरकार
234 सदस्यीय विधानसभा में अन्नाद्रमुक के पास अब 118 विधायक हो जाने सरकार पर से खतरा टल गया है।
चेन्नई, प्रेट्र : तमिलनाडु विधानसभा की जिन 22 सीटों पर उपचुनाव कराए गए हैं उनमें से 13 पर द्रमुक और नौ पर अन्नाद्रमुक विजयी हुई है। इन सीटों पर अप्रैल और मई में दो चरणों में मतदान कराए गए थे। 234 सदस्यीय विधानसभा में अन्नाद्रमुक के पास अब 118 विधायक हो जाने सरकार पर से खतरा टल गया है। पांच अन्य विधायकों का समर्थन हासिल होने से अन्नाद्रमुक सरकार 2021 तक बनी रहेगी।
वर्तमान में द्रमुक के 88 विधायक हैं। 13 नए विधायकों के साथ पार्टी की शक्ति 101 हो गई है। कांग्रेस के आठ विधायकों के साथ उसे नौ का समर्थन भी हासिल है। उपचुनाव में द्रमुक को 45.1 फीसद मत मिले जबकि अन्नाद्रमुक 38.2 पर कायम है।
मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी से विद्रोह के बाद 2017 में अन्नाद्रमुक के 18 विधायकों को अयोग्य ठहराया गया था। उसके बाद से विधानसभा की 22 सीटें खाली थीं। चुनाव आयोग के मुताबिक, गुरुवार मध्यरात्रि तक कुछ क्षेत्रों में मतगणना जारी रही और उसके बाद परिणाम घोषित किया गया।
अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को अपार सफलता
इटानगर : अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 60 सदस्यीय सदन में आसानी से सामान्य बहुमत के 31 सीटों के आंकड़े को पार कर लिया है। जबकि प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के खाते में केवल चार सीटें आई हैं। पांच सीटों के मतों की गिनती का काम जारी है जिनमें से पार्टी दो पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा को 37 सीटों पर सफलता मिल चुकी है जिनमें से तीन विधायकों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।
अरुणाचल प्रदेश में पहली बार चुनावी मैदान में उतरी जदयू ने सात सीटें जीती हैं जबकि पहली बार चुनाव लड़ रही नेशनल पीपुल्स पार्टी को चार सीटों पर सफलता मिली है। एक मात्र क्षेत्रीय राजनीतिक संगठन पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल ने भी एक सीट जीती है जबकि दो निर्दलीय विधायकों ने भी जीत हासिल की है।
गुजरात विधानसभा में 100 के पार पहुंची भाजपा
अहमदाबाद : गुजरात में विधानसभा की चार सीटों पर विजय हासिल कर सत्ताधारी भाजपा ने 182 सदस्यीय सदन में 100 के आंकड़े को पार कर लिया है। विधानसभा में अब पार्टी के विधायकों की संख्या 104 हो गई है। इन चार सीटों पर लोकसभा चुनाव के साथ ही उपचुनाव कराए गए। उपचुनाव का परिणाम शुक्रवार को जारी किया गया। इन सीटों से चुने गए कांग्रेस विधायकों के भाजपा में शामिल हो जाने के बाद यहां उपचुनाव कराना पड़ा है।
---------------
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप