विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CJP के विरोध प्रदर्शन में आप और वाम दल होंगे शामिल, कांग्रेस ने बनाई दूरी; राहुल गांधी जा रहे चेन्नई

Published: Sat, 10 Oct 2026 06:27 AM (IST)Updated: Sat, 10 Oct 2026 07:09 AM (IST)

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी के आज के विरोध प्रदर्शन में विपक्षी दलों के बीच मतभेद साफ ...और पढ़ें

CJP के विरोध प्रदर्शन में साथ आप और वाम दल होंगे शामिल, कांग्रेस ने बनाई दूरी

CJP के विरोध प्रदर्शन में साथ आप और वाम दल होंगे शामिल, कांग्रेस ने बनाई दूरी

HighLights

  1. सीजेपी ने सभी विपक्षी दलों को प्रदर्शन में शामिल होने का न्योता दिया था

  2. दिल्ली में प्रदर्शन के बावजूद राहुल आज चेन्नई जाएंगे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आज के विरोध प्रदर्शन में विपक्षी दलों के बीच मतभेद साफ देखे जा सकते हैं। जहां वाम दलों और आम आदमी पार्टी (आप) ने खुले तौर पर समर्थन जताया है, वहीं कांग्रेस इससे दूर रही। आज राहुल गांधी चेन्नई में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं।

सीजेपी ने सभी विपक्षी दलों को प्रदर्शन में शामिल होने का न्योता दिया था। वाम दलों और आप ने अपनी भागीदारी की घोषणा कर दी है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के रुख पर शुक्रवार रात तक स्पष्टता नहीं थी। ममता बनर्जी ने दिल्ली पहुंचने से पहले कहा था कि वे प्रदर्शन में शामिल हो सकती हैं, लेकिन कोई पक्का फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने सीजेपी से रिश्ते और समर्थन की बात कही थी।

अरविंद केजरीवाल परिवार सहित प्रदर्शन में शामिल होंगे

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल परिवार सहित प्रदर्शन में शामिल होंगे। उन्होंने अपील की कि मैं देश के हर व्यक्ति से अपील करता हूं कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में जंतर-मंतर पहुंचे। यह किसी एक व्यक्ति या पार्टी का मुद्दा नहीं, देश का मुद्दा है। मैं वहां रहूंगा और मेरा पूरा परिवार भी शामिल होगा।

वाम दलों- सीपीएम, सीपीआई, सीपीआई(एमएल), आरएसपी और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि सभा और प्रदर्शन का अधिकार मौलिक अधिकार है। सीपीएम महासचिव एमए बेबी ने सुप्रीम कोर्ट में प्रतिबंधों के खिलाफ याचिका दायर की और कहा कि वाम दल पूरे दमखम के साथ प्रदर्शन में मौजूद रहेंगे।

दिल्ली में प्रदर्शन के बावजूद राहुल आज चेन्नई जाएंगे

एसआइआर को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर दिल्ली में विपक्ष के जारी विरोध-प्रदर्शनों के बावजूद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 10 अक्टूबर को तय कार्यक्रम के अनुसार चेन्नई जाएंगे। तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के प्रमुख मणिकम टैगोर ने शुक्रवार को यह बात कही।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि बड़ी संख्या में छात्रों ने क्यूआर कोड के जरिये कार्यक्रम से सीधे या परोक्ष रूप से जुड़ने के लिए पंजीकरण कराया है। यहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम अहमद मीर के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में टैगोर ने कहा कि विपक्षी नेता जहां राष्ट्रीय राजधानी में जुट रहे हैं, वहीं राहुल गांधी तमिलनाडु में अपने तय जनसंपर्क कार्यक्रम पर अडिग हैं।