भाजपा में शामिल हुए बंगाल के 12 बड़े फिल्मी कलाकार, देखें पूरी लिस्ट
पश्चिम बंगाल के 12 फिल्मी कलाकारों ने दिल्ली में मुकुल रॉय की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता हाशिल की है।
कोलकाता, जेएनएन / एएनआइ। बंगाल में विभिन्न राजनीतिक दलों एवं वर्गो के लोगों का भाजपा में शामिल होना बदस्तूर जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को टॉलीवुड के कई कलाकारों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने दिल्ली में बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष, पार्टी के नेता संबित पात्रा एवं मुकुल राय की उपस्थिति में पार्टी का झंडा थामा।
जिन कलाकारों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, उनमें ऋषि कौशिक, पर्ण मित्रा, रूपांजना मित्रा, विश्र्वजीत गांगुली, देवरंजन नाग, अरिंदम हल्दर, मौमिता गुप्ता, अनिंद्य बनर्जी, सौरभ चक्रवर्ती, रूपा भट्टाचार्य, अंजना बसु व कौशिक चक्रवर्ती शामिल हैं।
बंगाल के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने उक्त कलाकारों का पार्टी में स्वागत किया। घोष ने कहा कि पहले भी बंगाल के कई फिल्म कलाकार भाजपा में शामिल हुए हैं, लेकिन वहां के फिल्म माफियाओं ने उनके कार्य पर प्रतिबंध लगा दिया। घोष ने आरोप लगाया कि बंगाल के फिल्म माफियाओं ने मनोरंजन जगत पर कब्जा कर लिया है। ऐसे में इन कलाकारों का भाजपा में शामिल होना बड़ी बात है। घोष ने और भी लोगों के भाजपा में शामिल होने की उम्मीद जताई।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद पश्चिम बंगाल के तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायकों, पार्षदों का भाजपा में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। पूर्व में तृणमूल के एक और विधायक मनीरुल इस्लाम ने भाजपा का दामन थाम लिया था। मई के अंतिम दिनों में TMC के अन्य दो विधायक और 63 पार्षद भाजपा में शामिल हो गए थे।