थेरेसा ने अश्लील सामग्री में फंसे उप प्रधानमंत्री का इस्तीफा लिया
प्रधानमंत्री थेरेसा मे ने अपने सबसे वरिष्ठ सहयोगी उप प्रधानमंत्री डेमियन ग्रीन को अश्लील सामग्री स्कैंडल में फंसे होने के कारण पद से हटा दिया है।
एजेंसी, ब्रिटेन: ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे ने अपने सबसे वरिष्ठ सहयोगी उप प्रधानमंत्री डेमियन ग्रीन को अश्लील सामग्री स्कैंडल में फंसे होने के कारण पद से हटा दिया है। थेरेसा ने यह कदम सरकारी जांच में डेमियन पर लगा आरोप सही पाए जाने के बाद उठाया।
जांच में सरकारी कार्यालय के कंप्यूटर में अश्लील सामग्री होने की जानकारी न होने का डेमियन का दावा गलत और भ्रमित करने वाला पाया गया। डेमियन को मंत्रिमंडल में थेरेसा का सबसे ज्यादा विश्वसनीय सहयोगी माना जाता था। छह महीने पुरानी थेरेसा की गठबंधन सरकार से दो महीने में यह तीसरा मंत्री हटा है।इससे पहले नवंबर में रक्षा मंत्री माइकल फालन और एक अन्य मंत्री भारतीय मूल की प्रीति पटेल को मंत्रिमंडल से हटाया गया था।
डेमियन के भविष्य को लेकर तब आशंका पैदा हो गई थी जब संडे टाइम्स ने बताया कि सांसद के रूप में ग्रीन के कार्यकाल के दौरान पुलिस जांच में उनके कंप्यूटर में अश्लील क्लिप मिली थीं। पुलिस को यह अश्लील सामग्री वर्ष 2008 में मिली थी। नवंबर महीने में अखबार में प्रकाशित इस खबर को डेमियन ग्रीन ने गलत बताया। इसके बाद सरकार ने एक उच्च अधिकारी से मामले की जांच कराई।
जांच में डेमियन के इस कथन को गलत पाया गया कि उन्हें सरकारी कंप्यूटर में मिली अश्लील सामग्री की जानकारी नहीं थी। प्रधानमंत्री थेरेसा ने डेमियन के इस हरकत और झूठे बयान को मंत्री के आचरण के अनुकूल नहीं माना। थेरेसा ने कहा कि उन्हें खेद है कि उनके मंत्री के लिए जरूरी आचरण का पालन नहीं किया। इसी के बाद उप प्रधानमंत्री से इस्तीफा मांग लिया गया। डेमियन प्रधानमंत्री थेरेसा के ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के समय से मित्र और सहयोगी हैं। माना जा रहा है कि डेमियन के हटने का असर यूरोपीय संघ को छो़ड़ने के लिए चल रही ब्रेक्जिट वार्ता पर प़़ड सकता है।