स्वाजीलैंड से विकास का मॉडल साझा करने का उत्सुक भारत: रामनाथ कोविंद
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, स्वाजीलैंड में उत्पादन की लागत को कम करने के लिए भारत उसके साथ तकनीकें और संस्थागत मॉडल साझा करने को उत्सुक।
मबैब्ने, स्वाजीलैंड (आइएएनएस)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दक्षिण अफ्रीकी देश की यात्रा के दौरान स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में संबंध मजबूत करने पर बल देते हुए कहा कि स्वाजीलैंड में उत्पादन की लागत को कम करने के लिए भारत उसके साथ तकनीकें और संस्थागत मॉडल साझा करने को उत्सुक है।
राष्ट्रपति कोविंद ने बुधवार को कहा कि वह अपने देश की विशेषज्ञता और अनुभव को स्वाजीलैंड और अफ्रीकी महाद्वीप के अन्य देशों के साथ साझा करने के लिए उत्सुक हैं। हम स्थानीय क्षमता बढ़ाना चाहते हैं। ताकि हम अपने अफ्रीकी भाई-बहनों के साथ-साथ आगे बढ़ सकें।
स्वाजीलैंड की संसद को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति कोविंद ने घोषणा की कि भारत अल नीनो के प्रकोप से बचने की तैयारी के लिए स्वाजीलैंड की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन को दस लाख डॉलर देने की पेशकश करता है। उन्होंने यहां भारतीय दूतावास भी खोलने का ऐलान किया। भारत और स्वाजीलैंड ने आधिकारिक और कूटनीतिक पासपोर्ट पर यात्रा करने वालों के लिए दो समझौतों पर दस्तखत भी किए।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तीन देशों गुएना, स्वाजीलैंड और जाम्बिया के दौरे पर हैं। वह स्वाजीलैंड विगत नौ अप्रैल को पहुंचे और जाम्बिया उनके दौरे का आखिरी पड़ाव है।