उत्तर-दक्षिण कोरिया समिट का जापान, रूस और अमेरिका ने किया स्वागत
परमाणु निरस्त्रीकरण को लेकर उत्तर कोरिया व दक्षिण कोरिया के बीच हुए ऐतिहासिक समिट का रूस और जापान ने स्वागत किया है।
टोक्यो (रायटर्स)। उत्तर-दक्षिण कोरिया समिट को ऐतिहासिक बताते हुए जहां रूस ने इसका स्वागत किया वहीं जापान ने भी इसे कोरियाई देशों के लिए सकारात्मक पहल करार दिया है। इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भी कोरियाई देशों के इस सकारात्मक पहल की सराहना की है। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबी ने उत्तर-दक्षिण कोरिया समिट का स्वागत करते हुए उत्तर कोरिया से ठोस कदमों की उम्मीद जतायी।
जापान ने जतायी उत्तर कोरिया से उम्मीद
पीएम एबी ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर और दक्षिण कोरिया के इस सकारात्मक कदम का जापान स्वागत करता है और उम्मीद करता है कि प्योंगयांग अपने वादे को पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाएगा। एबी ने कहा उत्तर कोरिया मामले पर जापान अमेरिका व दक्षिण कोरिया के साथ है। साथ ही उन्होंने कहा कि परमाणु निरस्त्रीकरण की प्रक्रिया से जापान बाहर नहीं है। उत्तर और दक्षिण कोरिया ने कहा कि वे अमेरिका के साथ त्रिपक्षीय वार्ता करेंगे।
ऐतिहासिक समिट को पुतिन ने कहा ‘सकारात्मक’
रूस के राष्ट्रपति ब्लादीमिर पुतिन ने कोरियाई देशों के इस ऐतिहासिक समिट को काफी सकारात्मक बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सीधे तौर पर वार्ता की वकालत वे काफी लंबे समय से कर रहे थे। कोरियाई प्रायद्वीप को पूर्ण परमाणु निरस्त्रीकरण के लिए काम करने का वादा दोनों देशों द्वारा किए जाने के बाद क्रेमलिन का यह बयान आया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व उत्तर कोरियाई नेता की मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर क्रेमलिन प्रवक्ता दमित्री पेसकोव ने कांफ्रेंस कॉल में बताया कि कोरियाई प्रायद्वीप के तनाव को कम करने के लिए उठाए गए किसी भी कदम का मॉसको स्वागत करता है।
ट्रंप ने की सराहना
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन की मुलाकात की प्रशंसा कि और इसे ऐतिहासिक समिट के तौर पर स्वीकार किया। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि यह सकारात्मक डिप्लोमैसी कितना लंबा चलेगा।
ट्रंप ने ट्वीट कर कहा, ‘कोरियाई युद्ध खत्म होने को है! कोरियाई देशों पर अमेरिका और यहां की जनता को गर्व होना चाहिए। अच्छी चीजें हो रही हैं, लेकिन केवल समय ही बताएगा।‘ ट्रंप ने कहा है कि मई या जून माह में किम से मिलेंगे।
शुक्रवार को किम और मून ने कोरियाई प्रायद्वीप से पूर्ण तौर से परमाणु निरस्त्रीकरण के लिए काम का वादा किया। साथ ही 1950 के कोरियाई युद्ध को आधिकारिक तौर पर खत्म करने की घोषणा की।