मीडिया नहीं ‘फेक न्यूज’ है लोगों की दुश्मन: ट्रंप
मीडिया को लेकर शुरू से ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का रवैया नकारात्मक रहा है यहां तक कि उन्होंने मीडिया को लोगों का दुश्मन बताया।
वाशिंगटन (प्रेट्र)। अमेरिका में राष्ट्रपति पद संभालने के बाद से डोनाल्ड ट्रंप का मीडिया के प्रति नकारात्मक रुख रहा है। मीडिया और इसकी खबरों को लेकर उन्होंने कहा है कि लोगों का दुश्मन मीडिया नहीं बल्कि ‘फर्जी खबरें’ हैं। प्रेस के लिए नकारात्मक बयानों के बाद ट्रंप से उनकी बेटी व वरिष्ठ सलाहकार इवांका ने दूरी बना ली है। राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद से मीडिया के प्रति ट्रंप का रुख आलोचनात्मक रहा है।
ट्रंप का यह बयान इवांका के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा है कि वे मीडिया को लोगों का दुश्मन नहीं मानती। एक इवेंट के दौरान, पिता ट्रंप द्वारा हमेशा मीडिया को लोगों का दुश्मन बताए जाने के संबंध में सवाल पूछे जाने पर इवांका ने यह जवाब दिया कि नहीं, मुझे नहीं लगता कि मीडिया लोगों का दुश्मन है।
इवांका ने कहा था, मेरे बारे में काफी कुछ लिखा गया है, और मैं जानती हूं कि उसमें सबकुछ सच नहीं है। ऐसे में मुझे समझ आता है कि लोग चिंतित क्यों होते हैं और वह ऐसा क्यों समझते हैं कि उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। इस टिप्पणी के बाद माना जा रहा था कि इस संबंध में पिता-पुत्री के विचार अलग-अलग हैं हालांकि, कुछ ही घंटों बाद ट्रंप ने ट्वीट कर इसे स्पष्ट किया। राष्ट्रपति ने ट्वीट किया है, ‘उन्होंने मेरी बेटी इवांका से पूछा कि मीडिया लोगों का दुश्मन है या नहीं। उसने बिलकुल सही कहा, नहीं। फर्जी खबरें लोगों की दुश्मन है जो मीडिया के बड़े हिस्से द्वारा दिखाई जाती हैं।'