द. अफ्रीका ने न्यूजीलैंड से जीती सीरीज
अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे और अंतिम ट्वंटी-20 मैच में न्यूजीलैंड पर तीन रनों से रोमांचक जीत दर्ज की। इस प्रकार दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के सामने 166 रन का लक्ष्य रखा था, लेकिन उसकी टीम सात विकेट पर 162 रन ही बना पाई।
ऑकलैंड। अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे और अंतिम ट्वंटी-20 मैच में न्यूजीलैंड पर तीन रनों से रोमांचक जीत दर्ज की। इस प्रकार दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के सामने 166 रन का लक्ष्य रखा था, लेकिन उसकी टीम सात विकेट पर 162 रन ही बना पाई।
न्यूजीलैंड को अंतिम चार ओवर में केवल 17 रन बनाने थे और उसके छह विकेट बचे हुए थे। दिसंबर के बाद अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे जेसी राइडर [52] तब क्रीज पर थे। लेकिन दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज दबाव बनाने में सफल रहे। जब कीवी टीम को आखिरी दो ओवर में दस रन की दरकार थी, तब जोहान बोथा ने राइडर को आउट कर दिया। इसके बावजूद न्यूजीलैंड अच्छी स्थिति में दिख रहा था। उसे आखिरी ओवर में सात रन चाहिए थे। मर्चेंट डि लेंग ने इस ओवर में केवल तीन रन दिए और दो विकेट हासिल किए। न्यूजीलैंड की तरफ से राइडर के अलावा रॉब निकोल ने 33 और मार्टिन गुप्टिल ने 26 रन बनाए।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने जेपी डुमिनी के 30 गेंद पर बनाए गए 38 रन तथा हाशिम अमला [33] और एबी डीविलियर्स [29] के उपयोगी योगदान से चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। न्यूजीलैंड की तरफ से निकोल और टिम साउथी ने दो-दो विकेट लिए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर