राजस्थान रॉयल्स ने बेन स्टोक्स (नाबाद 107 रन, 60 गेंद, 14 चौके, तीन छक्के) के तूफानी प्रदर्शन की मदद से इंडियन प्रीमियर लीग 2020 (IPL 2020) के मैच में मुंबई इंडियंस (MI) को आठ विकेट से हराकर उलटफेर किया।
IPL 2020: हार्दिक पर भारी पड़ी स्टोक्स की पारी, राजस्थान ने मुंबई आठ विकेट से हराया, देखें Photos


पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस (MI) ने पांच विकेट पर 195 रन बनाए। जवाब में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने 18.2 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य पा लिया। शेख जायद स्टेडियम में लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की शुरआत खराब रही।

ओपनर रॉबिन उथप्पा सिर्फ 13 रन बनाकर जेम्स पैटिंसन का शिकार बने। इसके बाद कप्तान स्टीव स्मिथ (11) ने भी निराश किया। ऐसे में स्टोक्स ने संजू सैमसन (नाबाद 54 रन, 31 गेंद, चार चौके, तीन छक्के) को साथ लेकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की।

सैमसन और स्टोक्स ने तीसरे विकेट के लिए 152 रनों की अविजित भागीदारी की। इस जोड़ी को तोड़ने के लिए मुंबई के कप्तान किरोन पोलार्ड ने छह गेंदबाजों को आजमाया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।

मुंबई की ओर से हार्दिक पांड्या (नाबाद 60 रन, 21 गेंद, दो चौके, सात छक्के) ने बल्ले से कमाल दिखाया। सूर्यकुमार यादव (40 रन), सौरभ तिवारी (34 रन) और इशान किशन (37 रन) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं।

आखिरी के तीन ओवर में हार्दिक ने 57 रन निकालकर मुंबई को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। इन तीन ओवर में एक ओवर आर्चर ने किया, जिसमें सिर्फ तीन रन आए। यानी हार्दिक ने 12 गेंदों पर ताबड़तोड़ 54 रन बना डाले।