यूएस किड्स गोल्फ टूर्नामेंट में युवा भारतीय गोल्फरों का कमाल, चार गोल्ड समेत जीते 11 पदक
यूएस किड्स गोल्फ टूर्नामेंट में भारत के युवा गोल्फरों ने चार स्वर्ण सहित कुल 11 पदक जीतकर देश का परचम लहराया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। मलेशिया में आयोजित यूएस किड्स गोल्फ टूर्नामेंट में भारत के युवा गोल्फरों ने चार स्वर्ण सहित कुल 11 पदक जीतकर देश का परचम लहराया।
ग्रेटर नोएडा के ग्रेटर वैली स्कूल के 14 वर्षीय छात्र अर्जुन भाटी ने अमेरिका के एलेक्स मोह को तीन शॉट से पछाड़कर 13-14 साल के लड़कों के वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। दुबई में बसे अर्णव नाथ ने 12 साल के लड़कों के वर्ग में, गुर्णावजीत सिंह भाटिया ने 11 साल के लड़कों के वर्ग में और कार्तिक सिंह ने आठ साल के लड़कों के वर्ग में पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता की शुरआत अंडर-7 से हुई और इसका समापन अंडर-15-16 आयुवर्ग में लड़के और लड़कियों के मुकाबलों के साथ हुआ। भारत के मशहूर गोल्फर जीव मिल्खा सिंह के बेटे हरजाई मिल्खा सिंह लड़कों के आठ वर्ष में तीसरे स्थान पर रहे। इस दौरान जीव मिल्खा अपने बेटे की किट उठाते नजर आए। रजत पदक हासिल करने वालों में विभु त्यागी (लड़कों के 15-18 वर्ष), लावण्या गुप्ता (लडकियों के 11 वर्ष वर्ग) और अर्शवंत श्रीवास्तव (लड़कों के नौ वर्ष) शामिल रहे। वहीं, हरबीन कौर जवांडा (बालिका 13-14 वर्ष), जूझार सिंह (लड़कों के 12 वर्ष) और समायरा तोमर (लड़कियों के नौ वर्ष) ने कांस्य पदक जीते। इनके अलावा सात अन्य गोल्फर मामूली अंतर से पदक से चूक गए।