कोविड-19 के बाद एथलेटिक्स और प्रगति कर सकता है : सबेस्टियन को
को ने कहा कि अधिक लोगों ने चलने और दौड़ने को आदत बनाने का एथलेटिक्स को फायदा मिल सकता है और उनका खेल इस बढ़े हुए आधार को मजबूत करने का प्रयास करेगा।
नई दिल्ली, पीटीआइ। कोरोना वायरस संक्रमण फैलने के बाद पूरी दुनिया की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। अब आहिस्ता-आहिस्ता सभी चीजें सामान्य हो रही हैं। खेलों पर भी कोरोना माहामारी का असर पड़ा था जिससे सभी संस्थाएं उबर रही हैं। विश्व एथलेटिक्स के अध्यक्ष सबेस्टियन को ने सोमवार को दावा किया कि कोरोना वायरस महामारी के कारण जारी लॉकडाउन के बीच फिट रहने के लिए अधिक लोगों ने दौड़ना शुरू किया, जिसका दुनिया भर में स्थिति सामान्य होने पर यह खेल फायदा उठा सकता है।
को ने कहा कि अधिक लोगों ने चलने और दौड़ने को आदत बनाने का एथलेटिक्स को फायदा मिल सकता है और उनका खेल इस बढ़े हुए आधार को मजबूत करने का प्रयास करेगा। एशियाई एथलेटिक्स महासंघ (एएएफ) द्वारा आयोजित ऑनलाइन मीडिया सेमिनार के दौरान को ने कहा, "हम स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्वास्थ्य उद्देश्यों को पूरा करने में मदद करने के लिए काफी अच्छी स्थिति में हैं। लॉकडाउन के दौरान पहले की तुलना में अधिक लोगों ने एक्सरसाइज को अपनाया है। कुछ अनुसंधान में दावा किया है कि एक्सरसाइज पैटर्न में 80 प्रतिशत इजाफा हुआ है।"
"एथलेटिक्स को मुख्य रूप से फायदा हुआ है क्योंकि लोग दौड़कर या चलकर एक्सरसाइज कर रहे हैं। यह काफी फायदे की स्थिति है। हम इसे नजरअंदाज नहीं करेंगे और महामारी के बाद इसे और मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे। हम और अधिक युवा लोगों को इस खेल से जोड़ेंगे।"
को ने पार्करन ग्लोबल लिमिटेड के साथ गठजोड़ का भी जिक्र किया। ब्रिटेन की यह चैरिटी संस्था सप्ताहांत या खाली समय में दौड़ का आयोजन करती है। को ने स्पष्ट किया कि उनका संगठन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि रूस बड़े पैमाने पर डोपिंग के लिए मिली सजा का पालन करें।