राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में विनेश व साक्षी ने जीते गोल्ड मेडल
स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने अपने दमखम दिखाते हुए सोना जीतने में कामयाबी पाई।
गोंडा। राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के दूसरे दिन देश की स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने अपने दमखम दिखाते हुए सोना जीतने में कामयाबी पाई। वहीं इंदू ने यूपी को स्वर्ण पदक दिलाया। हरियाणा की गीतिका जाखड़ को रजत से संतोष करना पड़ा।रेलवे की विनेश फोगाट ने चंडीगढ़ की नीतू से अपना पहला दांव आजमाया। कुश्ती के दांव-पेच में विनेश ने नीतू को जबर्दस्त पटखनी देकर एक बार फिर से खुद को साबित किया कि उन्हें क्यों स्टार कहा जाता है।
फाइनल मुकाबले में विनेश ने यूपी की बबिता को हराकर अपना स्वर्णिम सफर जारी रखा। वहीं रेलवे की साक्षी मलिक के सामने रेलवे की ही अपूर्वा त्यागी थीं, लेकिन अपूर्वा ने वॉकओवर दे दिया। इसके बाद स्टार पहलवान साक्षी ने दिल्ली की अनीता को हराकर सोना अपने नाम किया। हरियाणा की गीतिका जाखड़ को अपनी ही टीम की अनीता से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। मेजबान यूपी की इंदू ने हरियाणा की किरन को आसानी से हराकर स्वर्ण पदक हासिल करने में कामयाबी पाई।
परिणाम -
62 किलोग्राम फ्री स्टाइल में साक्षी मलिक रेलवे को स्वर्ण, अनीता दिल्ली को रजत तथा हरियाणा की रचना व पूजा को कांस्य पदक। 55 किलोग्राम में हरियाणा की पिंकी को स्वर्ण, हरियाणा की ही अंजू को रजत, दिल्ली की रीना व रेलवे की ललिता को कांस्य। 50 किलोग्राम में यूपी की इंदू को स्वर्ण, हरियाणा की किरन को रजत तथा यूपी की शीतल व पंजाब की प्रीती को कांस्य पदक। 72 किलोग्राम में रेलवे की किरन को स्वर्ण, हरियाणा की नैना को रजत, हरियाणा की निक्की व रेलवे की कविता को कांस्य। 57 किलोग्राम भार वर्ग में रेलवे की विनेश फोगाट को स्वर्ण, यूपी की बबिता को रजत, राजस्थान की पिंकी व चंडीगढ़ की नीतू को कांस्य पदक।
53 किलोग्राम भार वर्ग में रेलवे की सीमा को स्वर्ण, हरियाणा की निर्मला को रजत, एमपी के रमन यादव व हरियाणा की कीर्ति को कांस्य पदक। 59 किलोग्राम भारवर्ग में रेलवे की सरिता को स्वर्ण, हरियाणा की मंजू को रजत, महाराष्ट्र की अंकिता व मध्यप्रदेश की रानी को कांस्य पदक। 65 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की अनीता को स्वर्ण, हरियाणा की गीतिका को रजत तथा रेलवे की रीतू व गार्गी को कांस्य पदक। 76 किलोग्राम में हरियाणा के सुदेश को स्वर्ण, दिल्ली की ज्योति को रजत, हरियाणा की पूजा व हिमांचल की रानी को कांस्य। 68 किलोग्राम भार वर्ग में रेलवे के नवजोत को स्वर्ण, केरला के अंजुमल को रजत, महाराष्ट्र की कोमल व यूपी की रजनी को कांस्य पदक।