विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उदयवीर ने 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता स्वर्ण पदक, फाइनल में 240.6 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया

Published: Sun, 11 Oct 2026 06:55 PM (IST)

भारत के उदयवीर सिद्धू ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आइएसएसएफ) राइफल/पिस्टल विश्व कप में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

उदयवीर सिद्धू

उदयवीर सिद्धू

पीटीआई, काहिरा। भारत के उदयवीर सिद्धू ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आइएसएसएफ) राइफल/पिस्टल विश्व कप में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 24 वर्षीय उदयवीर ने पदक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 240.6 अंक हासिल किए। उन्होंने जर्मनी के ओलिंपिक पदक विजेता क्रिस्टियन रिट्ज को 0.5 अंक से पछाड़कर स्वर्ण पदक जीता।

रिट्ज ने 240.1 अंक के साथ रजत, जबकि इटली के पाओलो मोन्ना ने 219.8 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया। उदयवीर ने अंतिम चरण में दबाव के बीच अपना धैर्य बनाए रखा। आखिरी दो शाट से पहले वह रिट्ज से 0.3 अंक पीछे थे। भारतीय निशानेबाज ने अंतिम दो शाट में 10.2 और 9.8 अंक हासिल किए, जबकि रिट्ज ने लगातार दो बार 9.6 अंक बनाए। इस तरह उदयवीर ने अंतिम शॉट पर जीत दर्ज की।

इससे पहले दिन में उदयवीर ने क्वालीफिकेशन में चौथा स्थान हासिल कर आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने छह सीरीज में कुल 585 अंक जुटाए। उनकी सीरीज का स्कोर 99, 98, 98, 97, 97 और 96 रहा। भारत के जोनाथन गेविन एंटनी ने केवल रैंकिंग अंक (आरपीओ) के लिए प्रतिस्पर्धा करते हुए 586 अंक हासिल किए। वह मोन्ना के साथ क्वालीफिकेशन में संयुक्त रूप से शीर्ष स्कोर पर रहे।

अन्य भारतीय निशानेबाज अजेंद्र सिंह चौहान 580 अंक के साथ 14वें स्थान पर रहे। ओलिंपिक पदक विजेता सरबजोत सिंह 574 अंक के साथ 31वें स्थान पर रहे, जबकि आरपीओ वर्ग में कुमार योगेश ने 573 अंक हासिल किए। फाइनल में तुर्किये के पेरिस 2024 ओलिंपिक पदक विजेता यूसुफ डिकेच भी शामिल थे। वह 138.0 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहे। यूनान के जार्जियोस गैंपियराकिस ने 198.7 अंक के साथ चौथा, जबकि लातविया के एमिल्स वासरमानिस ने 177.6 अंक के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।