Tokyo Olympics: भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु के प्रेरणास्रोत हैं विश्व के ये तीन दिग्गज खिलाड़ी
आगामी टोक्यो ओलंपिक से पहले भारत की शटलर पीवी सिंधु ने बताया है कि वह पुर्तगाल के फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो से प्रेरणा लेती हैं। इसके अलावा उन्होंने स्टार खिलाड़ी सेरेना विलियम्स और रोजर फेडरर को भी अपना प्रेरणास्रोत बताया।
टोक्यो, एएनआइ। आगामी टोक्यो ओलंपिक से पहले, भारत की शटलर पीवी सिंधु ने बताया है कि वह पुर्तगाल के फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो से प्रेरणा लेती हैं। 36 वर्षीय फुटबॉलर ने हाल ही में पांच गोल की मदद से यूरो 2020 में गोल्डन बूट जीता। इसके अलावा उन्होंने स्टार खिलाड़ी सेरेना विलियम्स और रोजर फेडरर को भी अपना प्रेरणास्रोत बताया।
रोनाल्डों को लेकर सिंधु ने ओलिंपिक डॉट कॉम से कहा, 'जिस तरह से रोनाल्डो खेलते हैं उसके लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। उनके पास कौशल और तकनीक जबरदस्त है। रोनाल्डो के अलावा, सेरेना विलियम्स और रोजर फेडरर को लेकर उन्होंने कहा कि ये दोनों इस खेल के महान खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि वे इनकी तरह दृढ़ होना चाहती और लंबे उम्र तक खेलना चाहती हैं। 39 वर्षीय सेरेना विलियम्स ने 23 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं। जब वह गर्भवती थी तब उन्होंने 2017 ऑस्ट्रेलियन ओपन जीता था। वहीं 39 वर्षीय रोजर फेडरर अभी भी शीर्ष हैं और हाल ही में विंबलडन क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं।
सिंधु ने कहा, 'सेरेना का मानना है कि वह एक महिला और मां होने के बाद भी खेल सकती हैं। उन्होंने काफी असाधारण रूप से अच्छा किया है, वह एक मजबूत महिला है। वहीं फेडरर एक और दिग्गज हैं। इस उम्र मेंं भी वह खेल के शीर्ष पर हैं, इसे बरकरार रखना आसाम नहीं है।' सिंधु अपने ओलंपिक अभियान की शुरुआत 25 जुलाई को इजराइल की पोलिकारपोवा केसेनिया के खिलाफ मुसाशिनो फॉरेस्ट स्पोर्ट प्लाजा बीडीएम के कोर्ट 2 में करेंगी। वह पहले ही टोक्यो पहुंच चुकी हैं और प्रेक्टिस सेशन के लिए तैयार हो रही हैं।
सिंधु ने ओलंपिक को लेकर कहा कि उनका प्रेक्टिस सेशन 7 बजे शुरू होता और कूलिंग और स्ट्रेचिंग करते-करके लगभग 9:30 बज जाते हैं। दोपहर में, वो लगभग 2-2:30 बजे फिर से प्रेक्टिस शुरू करती हैं और कुछ घंटों तक पसीना बहाने के बाद वह सुचित्रा अकादमी में जिम जाती हैं। इसमें लगभग दो घंटे लगते हैं। सबकुछ खत्म होने और घर पहुंचने में 7-7:30 बज जाते हैं।