विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप: उसेन बोल्ट को मिस करेंगे खेल प्रेमी, क्रिस्टियन कोलमेन पर रहेगी निगाह
अमेरिका के 23 साल के धावक क्रिस्टियन कोलमेन को नए जमाने का बोल्ट कहा जा रहा है।
मेरठ। कतर की राजधानी दोहा में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान शुक्रवार से जब तूफानी धावकों की फौज ट्रैक पर उतरेगी तो खेल प्रेमियों की नजरें उसेन बोल्ट जैसी रफ्तार खोजती नजर आएंगी। फर्राटा दौड़ के सुपरमैन बोल्ट के संन्यास के बाद जमैका के एथलीटों का करंट गायब हो गया है।
वर्ष 2004 से 100 मीटर की सभी स्पर्धाओं में दबदबा रखने वाले जमैका के धावक दो साल से करिश्माई प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। छह अक्टूबर तक चलने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जमैका के एथलीटों के सामने साख बचाने की चुनौती होगी। रफ्तार की जंग में अमेरिका का पलड़ा भारी रह सकता है। इस सत्र में स्पि्रंट की तकरीबन सभी स्पर्धाओं में अमेरिकी धावकों ने बाजी मारी है।
फर्राटा धावकों का पावरहाउस रहा है अमेरिका : 100 मीटर की दौड़ को दुनिया की सबसे रोमांचक खेल स्पर्धा कहा जाता है। पूर्व अमेरिकी धावकों कार्ल लुईस, माइकल जॉनसन, मॉरिस ग्रीन, लेराय बुरेल, टिम मोंटगोमरी के नाम रहा। इसमें से माइकल जॉनसन ने 200 और 400 मीटर का विश्व रिकॉर्ड लंबे समय तक अपने नाम रखा। 1999 में अमेरिका के मॉरिस ग्रीन 9.80 सेकेंड से कम समय निकालने वाले दुनिया के पहले धावक बने।
दशक भर दौड़ा बोल्ट का करंट : 2004 से जमैका के धावकों का दबदबा बढ़ा। सिर्फ 26 लाख की आबादी वाले जमैका के एथलीटों ने फर्राटा दौड़ का नक्शा बदल दिया। असफा पावेल, योहान ब्लैक और बोल्ट तिकड़ी ने कई बार विश्व रिकॉर्ड को ध्वस्त किया। 2009 में बर्लिन में आयोजित विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बोल्ट ने 9.58 सेकेंड में सौ मीटर और 19.19 सेकेंड में 200 मीटर की दौड़ में बड़े अंतर के साथ विश्व रिकॉर्ड बना दिया। बोल्ट का जादू 2016 रियो ओलंपिक तक चला। इनके मुकाबले अमेरिका के धावकों में टाइसन गे और जस्टिन गैटलिन को शानदार प्रदर्शन के बावजूद उतनी सफलताएं नहीं मिलीं। महिला वर्ग में भी जमैका की फर्राटा धाविकाओं ने 2008, 2012 और 2016 ओलंपिक खेलों में पदकों का अंबार लगा दिया। यूएसए यहां भी पिछड़ा। किंतु अब जमैका के योहान ब्लैक 29 साल के हो चुके हैं। असफा पॉवेल पुरानी रफ्तार से मीलों दूर छूट गए हैं। ये दोनों धावक दोहा में जमैका के लिए पदक की उम्मीद के साथ रेस भरेंगे। बाधा दौड़ में जमैका के ओमर मैकलीड को बड़ा दावेदार माना जा रहा है।
ट्रैक पर फिर से अमेरिकी दबदबा : जमैका के बोल्ट ने 2008 बीजिंग से लेकर 2016 रियो ओलंपिक तक अमेरिकी धावकों को आसपास भी नहीं फटकने दिया। किंतु 2017 में लंदन में हुई विश्व एथलेक्टिस चैंपियनशिप में बोल्ट का करंट कमजोर पड़ा। आठ ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाला बादशाह 9.95 सेकेंड के साथ सौ मीटर की दौड़ में तीसरे स्थान पर पिछड़ गया। अमेरिकी धावक जस्टिन गैटलिन 9.92 और युवा क्रिस्टियन कोलमेन 9.94 सेकेंड के साथ स्वर्ण व रजत जीत गए। 2018 में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ धावकों में जमैका का एक भी स्पि्रंटर स्थान नहीं बना सका। 2018/19 के सत्र में 100 मीटर की पांच स्पर्धाओं में चार में, जबकि 200 मीटर की चार स्पर्धाओं में तीन में अमेरिकी धावक हावी रहे हैं।
नए दौर के ये हैं बोल्ट : अमेरिका के 23 साल के धावक क्रिस्टियन कोलमेन को नए जमाने का बोल्ट कहा जा रहा है। उन्होंने इस सत्र में सौ मीटर की दौड़ 9.81 सेकेंड में पूरी की। उनके हमवतन नोह लाइल्स सौ मीटर 9.85 सेकेंड व 200 मीटर 19.50 सेकेंड में फर्राटा भर उम्मीद जगा चुके हैं। कनाडा के आंद्र द्रे ग्रासी 2016 ओलंपिक में तीन पदक जीतने वाले पहले फर्राटा धावक बने, जो इस बार दोहा में भी कड़ी टक्कर देंगे।
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप का रिकॉर्ड :
रेस, देश, एथलीट, जगह, वर्ष, समय
100 मीटर, जमैका, उसेन बोल्ट, बर्लिन, 2009, 9.58 सेकेंड
200 मीटर, जमैका, बोल्ट, बर्लिन 2009, 19.19 सेकेंड
400 मीटर, अमेरिका, माइकल जॉनसन, सेविया, 1999, 43.18 सेकेंड
इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
रेस, देश, एथलीट, समय
100 मीटर, अमेरिका, कोलमेन, 9.81 सेकंड
200 मीटर, अमेरिका, नोह लाइल्स, 19.50 सेकेंड
400 मीटर, अमेरिका, माइकल नारमैन, 43.45 सेकेंड