एशियन गेम्स 2018: तेजिंदरपाल सिंह तूर ने गोल्ड जीतकर रचा इतिहास, पीएम मोदी ने दी बधाई
एशियन गेम्स में सातवें दिन तेजिंदर सिंह ने भारत को 7वां गोल्ड मेडल दिलाया।
नई दिल्ली, जेएनएन। एशियन गेम्स के सातवें दिन भारत को एक गोल्ड और तीन ब्रॉन्ज मेडल मिल चुके हैं। भारत के तजिंदरपाल सिंह तूर ने भारत के लिए शॉट पुट में एशियन गेम्स रेकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता। वहीं दीपिका पल्लीकल, अश्विनी पोनप्पा और सौरभ घोषाल ने स्क्वैश में ब्रॉन्ज मेडल जीता। भारत के तजिंदरपाल सिंह तूर ने शॉट पुट में 20.75 मीटर गोला फेंका। नीरज चोपड़ा ने तूर को सोना जीतने पर बधाई दी। इससे पहले दिन में भारत को स्क्वॉश में तीन ब्रॉन्ज मेडल मिले। महिलाओं के सिंगल्स में दीपिका और जोशना ने जहां ब्रॉन्ज जीता तो वहीं सौरव घोषाल को भी कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। अब तक भारत को एशियन गेम्स में सात गोल्ड, पांच सिल्वर और 17 कांस्य समेत कुल 29 पदक हो गए हैं।
एशियन गेम्स के सातवें दिन भारत के तेजिंदरपाल सिंह तूर ने इतिहास रच दिया, उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 18वें एशियाई खेलों में शॉट पुट स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। शनिवार को तेजिंदरपाल सिंह ने अपने बेहतरीन खेल के दम पर इस प्रतियोगिता का सातवां गोल्ड मेडल भारत के नाम किया। इसके साथ ही तूर ने एशियाई रिकॉर्ड के साथ पहला स्थान भी हासिल किया। तेजिंदर ने 20.75 मीटर के मुकाबले में जीत के साथ भारत का परचम लहराया।
23 वर्षीय तेजिंदर ने अपने पहले प्रयास में 19.96 मीटर, दूसरे प्रयास में 19.15 मीटर का थ्रो किया। हालांकि तीसरा प्रयास के दौरान उनसे फाउल हो गया, लेकिन उन्होंने चौथे प्रयास में 19.96 मीटर और 5वें प्रयास में 20.75 का रिकॉर्ड थ्रो किया। जिसके साथ उन्होंने भारत को सातवां गोल्ड दिलवाया। पंजाब के तेजिंदरपाल सिंह तूर भारतीय नौसेना में काम करते हैं। तूर ने पिछले साल एशियाइ चैम्पियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था। वह गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में ज्यादा बेहतरीन प्रदर्शन नहीं कर सके थे।
पीएम मोदी ने दी बधाई
पीएम मोदी ने तेजिंदरपाल सिंह की इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी है। पीएम मोदी ने कहा, 'एक ऐतिहासिक स्वर्ण पदक और एक नया रिकॉर्ड। एशियन गेम्स 2018 के गोला फेंक स्पर्धा में तेजिंदर पाल सिंह को प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई। साथ ही एशियन गेम्स में नया रिकॉर्ड बनाने पर भी उन पर हमें गर्व है।'
-नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री