विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 24, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पहले नाम कमाने और फिर डुबाने वालों की लिस्ट है लंबी, सुशील कुमार नहीं हैं इकलौते

By Vikash GaurEdited By:
Published: Mon, 24 May 2021 07:58 AM (IST)

भारतीय पहलवान सुशील कुमार ने जिस मेहनत के दम पर अपना नाम देश और दुनिया में रोशन किया। उससे कहीं ...और पढ़ें

सुशील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है (फोटो एएनआइ)
सुशील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है (फोटो एएनआइ)

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। सुशील कुमार ऐसे पहले खिलाड़ी नहीं हैं जो आपराधिक मामलों के चलते विवादों में रहे। विश्व में पहले भी ऐसे कई खिलाड़ी रहे हैं, जिन्हें जेल की हवा खानी पड़ी या बदनामी का घूंट पीना पड़ा। ऐसे ही कुछ बड़े खिलाड़ियों के बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं, जिन्होंने पहले अपना नाम दुनिया में बनाया और फिर अपनी ही हरकतों के कारण डुबो भी दिया। 

ऑस्कर पिस्टोरियस

ब्लेड रनर के नाम से मशहूर दक्षिण अफ्रीका के एथलीट ऑस्कर पिस्टोरियस अपनी गर्लफ्रेंड रीवा स्टीनकैंप की हत्या के मामले में जेल में सजा काट रहे हैं। पहले उन्हें दक्षिण अफ्रीका की एक अदालत ने छह साल की सजा सुनाई गई थी जिसे बाद में बढ़ाकर 13 साल पांच महीने कर दिया गया था। छह पैरालंपिक स्वर्ण पदक जीत चुके पिस्टोरियस ने फरवरी में 2013 में रीवा स्टीनकैंप की हत्या की थी।

माइक टायसन

अमेरिकी मुक्केबाज माइक टायसन ने अपनी मुक्केबाजी से जहां विश्व में अपना लोहा मनवाया तो उसे दुष्कर्म और हमले के आरोप में जेल में सजा काटनी पड़ी। टायसन को 1991 में डिजायरी वाशिंगटन के साथ दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया गया था। बाद में अदालत में यह पुष्टि हुई कि टायसन ने ही डिजायरी के साथ दुष्कर्म किया है। इसके बाद उन्हें छह साल की सजा मिली और हमले के आरोप में एक साल की सजा हुई।

लांस आर्मस्ट्रांग

साइकिलिस्ट अमेरिका के लांस आर्मस्ट्रांग को जितना नाम खेल में मिला तो उन्हें उतनी बदनामी का भी सामना करना पड़ा। उनके उपर डोपिंग के आरोप लगे और वह इससे नकारते रहे लेकिन बाद में उन्होंने इस जुर्म को कबूल कर लिया था। बाद में उन्हें सजा के रूप में अपने खेल से दूर होना पड़ा और लाइफटाइम प्रतिबंध लगा दिया गया।

हेंसी क्रोन्ये

दक्षिण अफ्रीका के लिए 68 टेस्ट और 188 वनडे मैच खेलने वाले हेंसी क्रोन्ये ने फिक्सिंग के तमाम आरोपों से इन्कार किया था, लेकिन बाद में उन्होंने माना कि वह मैच फिक्सिंग में शामिल थे। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट प्रशासन ने उन पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था। साल 2002 में क्रोनिए की एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई।

फ्लॉयड मेवेदर

अमेरिका के दिग्गज मुक्केबाज फ्लॉयड मेवेदर ने अपने करियर में 35 मुकाबले खेले जिसमें 28 मुकाबलों में जीत दर्ज की। इस दौरान उन्होंने 18 मुकाबले नॉकआउट में जीते। इस प्रदर्शन से उन्होंने सबका दिल तो जीत लिया लेकिन एक ऐसे प्रकरण में फंस गए जिससे उनकी काफी बदनामी हुई। उन्हें नशीले पदार्थ की तस्करी के जुर्म में पांच साल की सजा हुई थी।

बॉब हेविट

ऑस्ट्रेलिया के डबल्स टेनिस खिलाड़ी बॉब हेविट का नाम भी विवादों से जुड़ा रहा। वह सिंगल्स में इतने सफल खिलाड़ी नहीं रहे लेकिन डबल्स में उन्होंने 65 खिताब जीते थे। उन्होंने ग्रैंडस्लैम में पुरुष डबल्स में नौ खिताब जीते जबकि मिक्स्ड डबल्स में छह ग्रैंडस्लैम खिताब उनके नाम हैं। उन्हें दुष्कर्म के मामले में आठ साल की सजा हुई और दो साल तक खेल से प्रतिबंधित भी हुए।