सुमित अंतिल ने जीता गोल्ड, पैरा एशियाई खेलों में भाला फेंक स्पर्धा में तीनों पदक भारत के नाम
सुमिल अंतिल ने पैरा एशियाई खेलों में एक बार फिर भाला फेंक में गोल्ड मेडल जीता है। इसके अलावा, भारत ने नाम सिल्वर और ब्रॉन्ज भी हुआ है।

सुमित अंतिल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
प्रेट्र, नागोया। भारत के स्टार पैरा भाला फेंक एथलीट सुमित अंतिल ने शुक्रवार को पैरा एशियाई खेलों में पुरुषों की एफ 42-44/61-64 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपने खिताब का बचाव किया। इन खेलों की भाला फेंक स्पर्धा में भारत ने तीनों पदक अपने नाम किए।
दो बार के पैरालिंपिक स्वर्ण पदक विजेता और विश्व रिकार्ड धारक 28 वर्षीय सुमित ने अपने दूसरे प्रयास में 72.46 मीटर दूर भाला फेंककर स्वर्ण पदक हासिल किया।
2023 में भी जीता था स्वर्ण
सुमित ने 2023 के एशियाई पैरा खेलों में 73.29 मीटर के विश्व रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद उन्होंने इस साल मई में 74.82 मीटर का नया विश्व रिकार्ड बनाया।
हालांकि शुक्रवार को वह अपना रिकार्ड नहीं तोड़ सके, लेकिन एफ64 वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए अन्य खिलाड़ियों से आगे रहे। एफ42 वर्ग में हिस्सा लेने वाले भारत के महेंद्र गुर्जर ने 59.03 मीटर के प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीता, जबकि एफ44 वर्ग के संदीप संजय सरगर ने 64.48 मीटर भाला फेंककर कांस्य पदक हासिल किया।
महेंद्र को कम दूरी के बावजूद रजत पदक मिला। संयुक्त स्पर्धाओं में खिलाड़ियों की रैंकिंग तय करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले आरएजेडए अंक में महेंद्र को बढ़त मिली, जिसके आधार पर उन्हें संदीप से ऊपर स्थान दिया गया।
क्या है एफ42 और एफ44?
एफ42 और एफ44 वर्ग में निचले अंगों से संबंधित अक्षमता वाले वे खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, जो भाला फेंकने या दौड़ने के लिए कृत्रिम पैर का इस्तेमाल नहीं करते।
एफ62 और एफ64 वर्ग में निचले अंगों से संबंधित अक्षमता वाले वे खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करते हैं, जो कृत्रिम पैर या पैरों की मदद से खड़े होकर खेलते हैं।
यह भी पढ़ें- IND W vs ZIM W Live Score: भारत को लगा पहला झटका, स्मृति मंधाना 32 रन बनाकर लौटी पवेलियन
यह भी पढ़ें- कौन हैं परविंदर अवाना? BCCI ने सौंपी जूनियर क्रिकटरों के सेलेक्शन की जिम्मेदारी
