पीवी सिंधू के नाम की पद्म भूषण के लिए सिफारिश, खेल मंत्रालय ने की पहल
मार्च 2015 में सिंधू को भारत कौ चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से अलंकृत किया गया था।
नई दिल्ली, पीटीआइ। खेल मंत्रालय ने रियो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली खिलाड़ी पीवी सिंधू के नाम की सिफारिश पद्म भूषण अवॉर्ड के लिए की है। खेल मंत्रालय के एक अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है। पद्मम भूषण देश का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। इससे पहले, सिंधू को पद्मश्री सम्मान मिल चुका है।
विश्व चैंपियनशिप में दो बार कांस्य पदक और एक बार रजत पदक जीतने वाली सिंधू इस समय काफी अच्छी फॉर्म में हैं। 22 साल की इस खिलाड़ी ने 2016 में चाइना ओपन सुपर सीरीज प्रीमियर का खिताब जीता। इसके बाद इंडिया ओपन सुपर सीरीज का खिताब जीता और फिर ग्लासगो में विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। इसके बाद उन्होंने अपना तीसरा सुपर सीरीज खिताब- कोरिया ओपन के रूप में जीता।
सिंधू, तीन बार मकाऊ ओपन चैंपियनशिप अपने नाम कर चुकी है। इस साल उन्होंने लखनऊ में सैयद मोदी ग्रां प्रि का खिताब भी अपने नाम किया। इसी खेल की बदौलत उन्होंने इसी साल अप्रैल में अपने करियर की बेस्ट रैंकिंग हासिल की और कुछ समय के लिए नंबर दो खिलाड़ी भी बनीं। इसके बाद वह रैंकिंग में फिसल गई थीं, हालांकि पिछले हफ्ते वह फिर से नंबर दो की पोजीशन पर आ गई हैं।
2014 में सिंधू ने कॉमनवेल्थ गेम्स, इंचन एशियन गेम्स, उबर कप और एशिया चैंपियनशिप में चार कांस्य पदक जीते थे। मार्च 2015 में सिंधू को भारत कौ चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से अलंकृत किया गया था।