वाडा बोर्ड सदस्य का चुनाव लड़ेंगे खेल मंत्री, किरण रिजिजू पिछले महीने कर चुके हैं नामांकन
केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने वाडा बोर्ड सदस्य का चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
अभिषेक त्रिपाठी, नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय डोपिंग रोधक एजेंसी (वाडा) ने हाल ही में भारत की राष्ट्रीय डोप परीक्षण प्रयोगशाला (एनडीटीएल) को छह महीने के लिए निलंबित कर दिया है और खेल मंत्रालय इस फैसले के खिलाफ अपील करने जा रहा है लेकिन इस बीच केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने वाडा बोर्ड सदस्य का चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
वाडा फाउंडेशन बोर्ड एंड एक्जक्यूटिव कमेटी के एशियाई क्षेत्र में अभी चार सदस्य चीन, दक्षिण कोरिया, जापान और सऊदी अरब हैं। भारत अभी तक इसका सदस्य नहीं बना है। अगर रिजिजू यह चुनाव जीतते हैं तो ऐसा पहली बार होगा जब वाडा में इस स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व होगा। इसके चुनाव नवंबर में होंगे। किरण रिजिजू ने जुलाई में ही इसके लिए नामांकन भर दिया है।
जब दैनिक जागरण ने रिजिजू से पूछा कि क्या आपने वाडा बोर्ड में सदस्य के तौर पर नामांकन किया है तो उन्होंने कहा कि भारत एक बड़ा देश है और उसका वाडा में प्रतिनिधित्व जरूरी है। मैंने पिछले महीने इस पद के लिए अपना नाम भेजा था। जब उनसे पूछा गया कि इसका चुनाव आसान नहीं होगा तो उन्होंने कहा कि मैंने समर्थन के लिए अपने दोस्ताना देशों से बातचीत की है, निश्चित तौर पर हमें सफलता मिलेगी।
मालूम हो कि वाडा फाउंडेशन बोर्ड एंड एक्जक्यूटिव कमेटी के एशियाई क्षेत्र में चार स्थान हैं और उसमें एशियाई क्षेत्र में आने वाले देशों की सरकार का प्रतिनिधि चुनाव लड़ सकता है। इसी को देखते हुए रिजिजू ने आगे कदम बढ़ाया है। ओवरऑल वाडा फाउंडेशन बोर्ड एंड एक्जक्यूटिव कमेटी में सभी क्षेत्रों को मिलाकर 38 देशों के सदस्य हैं। वाडा में भारत का प्रतिनिधित्व होना बहुत जरूरी है क्योंकि इससे भारत विरोधी फैसलों को रोकने में काफी मदद मिलती है और वाडा के अंदर भारत की बात उठाई जा सकती है। अगर इस समय वाडा में भारत का कोई प्रतिनिधि होता तो एनडीटीएल के निलंबन में भारत को मदद मिल सकती थी। भारत का खेल मंत्रालय चाहता है कि वैश्विक खेल संस्थाओं में भारत का ज्यादा से ज्यादा प्रतिनिधित्व हो जिससे देश की बातों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखा जा सके। इसी कारण खेल मंत्रालय ने फैसला किया है कि अगर भारत का कोई प्रतिनिधि अंतरराष्ट्रीय खेल महासंघ के चुनाव के लिए दावा ठोकता है तो उसे सरकार की तरफ से भी जरूरी मदद उपलब्ध कराई जाएगाी।