चिराग और सात्विक को है नए विदेशी कोच की उम्मीद, टोक्यो ओलंपिक पर है निशाना
चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी को नए विदेशी कोच की उम्मीद है क्योंकि टोक्यो ओलंपिक पर उनका निशाना है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। Satwiksairaj rankireddy Chirag shetty: भारत के चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी की पुरुष बैडमिंटन डबल्स जोड़ी इंडोनेशिया के फ्लांडी लिंपेले के अचानक जाने के बाद अपनी ओलंपिक तैयारियों के लिए नए विदशी कोच की सेवाएं मिलने की उम्मीद कर रही है। अभी तक उनके पास लिंपेले कोच थे, लेकिन उन्होंने अपने इस पद से इस्तीफा दे दिया है।
लिंपेले को टोक्यो ओलंपिक तक कोच नियुक्त किया था, लेकिन पिछले महीने वह पारिवारिक समस्याओं का हवाला देकर भारत के डबल्स कोच पद से हट गए थे। इस तरह वह कार्यकाल पूरा किए बिना इस्तीफा देने वाले चौथे विदेशी कोच बन गए थे। हालांकि, अभी टोक्यो ओलंपिक में समय है। ऐसे में संघ को एक नए विदेशी कोच के बारे में विचार कर लेना चाहिए, जिससे कि इन भारतीय खिलाड़ियों की प्रतिभा और निखरे।
हम मिल जाएगा तैयारियों का समय- चिराग
इस बात को लेकर चिराग शेट्टी ने कहा, "अब हमें निश्चित रूप से तैयारी करने का और समय मिल जाएगा। अब एक साल से भी ज्यादा का समय है तो मेरा मानना है कि हमें एक नया विदेशी कोच मिल जाएगा। अगर ओलंपिक इस साल हुए होते तो हमें कोच नहीं मिलता क्योंकि बस तीन-चार महीने ही बचे होते तो इसका कोई मतलब नहीं होता। लेकिन अब भारतीय बैडमिंटन संघ हमारी मदद के लिए एक कोच रखेगा।"
अनुभवी कोच हमें छोड़कर चले गए- सात्विक
वहीं, सात्विसाईराज रेंकीरेड्डी ने कहा है, "यह हमारे लिए चिंता है क्योंकि वह ओलंपिक से पहले ही हमें छोड़ कर चले गए। वह अनुभवी कोच हैं और प्रत्येक मैच से पहले वह हमें जरूरी जानकारी देते थे और हम उन पर बहुत भरोसा करते थे। उनके जाने के बाद हमें नहीं पता था कि क्या करें। लेकिन अब हमारे पास एक साल है तो उम्मीद है कि हमें एक नया कोच मिल जाएगा। एक तरह से यह स्थगन हमारे लिए अच्छा रहा।"