विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संदीप ने तीन घंटे 19 मिनट में छू ली स्वर्णिम मंजिल, 42 किमी रेस वाक में देशभर के खिलाड़ियों को पछाड़कर बने चैंपियन

Published: Sun, 11 Oct 2026 07:11 PM (IST)

संदीप कुमार ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्णिम सफलता हासिल की।

संदीप कुमार

संदीप कुमार

जागरण संवाददाता, नारनौल। 42.195 किलोमीटर का लंबा सफर, कदम-कदम पर धैर्य की परीक्षा और घंटों तक रफ्तार बनाए रखने की चुनौती। इन सभी कसौटियों पर खरा उतरते हुए महेंद्रगढ़ जिले सुरेती जाखल गांव के संदीप कुमार ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्णिम सफलता हासिल की।

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित 65वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में संदीप ने पुरुषों की मैराथन रेस वाक स्पर्धा में तीन घंटे 19 मिनट 52 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट में सूबेदार के पद पर सेवाएं दे रहे संदीप कुमार ने सेना की टीम के बजाय हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

मध्य प्रदेश के विश्वेंद्र सिंह ने तीन घंटे 21 मिनट 11 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीता, जबकि एसएससीबी के रेशम मिधुन ने तीन घंटे 22 मिनट 46 सेकंड में रेस पूरी कर कांस्य पदक हासिल किया। इस तरह संदीप ने दूसरे स्थान पर रहे खिलाड़ी से एक मिनट 19 सेकंड पहले रेस पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पंजाब के राजनप्रीत सिंह तीन घंटे 24 मिनट 50 सेकंड के समय के साथ चौथे और उत्तराखंड के संदीप सिंह तीन घंटे 27 मिनट 37 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे।