एशियन गेम्स 2018: 13वें दिन भारत ने जीते कुल छह मेडल
एशियन गेम्स में अब तक भारत ने कुल 65 मेडल जीते हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। एशियन गेम्स 2018 के 13वें दिन भारत ने कुल छह मेडल जीते। शुक्रवार को कोई भी भारतीय खिलाड़ी गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब नहीं रहा। अब भारत के पदकों की कुल संख्या 65 हो गई है जिसमें 13 गोल्ड, 23 सिल्वर और 29 कांस्य पदक शामिल हैं।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने जीता सिल्वर मेडल
18वें एशियन गेम्स के महिला हॉकी के फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम का सामना जापान के साथ हुआ। इस मैच में भारत को जापान ने 2-1 से हरा दिया और भारतीय टीम को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। भारत की तरफ से एकमात्र गोल 25वें मिनट में नेहा गोयल ने किया। वहीं जापान की तरफ से 11वें मिनट में शिहोरी ओकावा और 44वें मिनट में कावामुरा मतोमी ने गोल किए।
सेलिंग में भारत को 3 पदक
भारत को सेलिंग में दो पदक मिले हैं। भारत की श्वेता सेरवेगर और वर्षा गौतम की जोड़ी ने 49erFX में सिल्वर मेडल हासिल किया। जबकि ओपन लेजर 4.7 में भारत की हर्षिता तोमर को कांस्य पदक मिला। इसके बाद 49er पुरुष कैटेगरी में भारत की टीम ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर लिया है। भारत की टीम में अशोक ठक्कर और गणपति चेंगप्पा शामिल थे। सेलिंग के बारे में शायद ज्यादा लोगों को जानकारी ना हो लेकिन जब ऐसे खेलों से भी पदक आए तो खुशी होती है।
बॉक्सर विकास को मिला कांस्य
भारत को शुक्रवार को मुक्केबाजी में कांस्य पदक मिला। भारतीय मुक्केबाज विकास कृष्णन को बाई पलक में चोट लग गई थी, जिस वजह से उन्हें सेमीफाइनल मुकाबला खेलने की इजाजत नहीं मिली। भारत के लिए बड़ा झटका इसलिए भी है क्योंकि इस खिलाड़ी से गोल्ड की उम्मीद की जा रही थी और वह जिस तरह से खेल रहा था उसे देखते हुए वह मुश्किल भी नहीं लग रहा था।
बॉक्सिंग में भारत का एक मेडल पक्का
भारतीय बॉक्सर अमित पंघल ने 49 किलोग्राम भारवर्ग के बॉक्सिंग प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने फिलीपिंस के कार्लो को 3-2 से हराया। फाइनल में अमित का सामना रियो ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट हसनबॉय दुश्मातोव के साथ होगा।
फाइनल में स्क्वॉश महिला टीम, मेडल पक्का
स्क्वॉश महिला टीम ने मलेशिया को 2-0 हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। स्टार खिलाड़ी जोशना चिनप्पा ने पांच बार की एशियाड सिंगल्स चैंपियन निकोल डेविड को 12-10, 11-9, 6-11, 10-12, 11-9 से हराकर भारत को 1-0 से बढ़त दिला दी थी और इसके बाद चार सदस्यीय भारतीय टीम ने आसानी ने अपना दूसरा मुकाबला भी अपने नाम कर देश के लिए पदक पक्का कर दिया है।
क्वार्टर फाइनल में थमा शरत और मनिका का सफर
टेबस टेनिस के पुरुष सिंग्लस में शतर कमल को क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। कमल को चाइनजी ताइपे के चुआंग के हाथों 4 - 2 से शिकस्त झेलनी पड़ी और इसी के साथ शरत का सफर यहीं पर खत्म हो गया है हालांकि इन दोनों की बीच मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण रहा लेकिन आखिर में शरत को 7-11, 11- 9, 10-12, 16 -14, 9 -11 से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें पदक की दौड़ से बाहर होना पड़ा।
शरत कमल के बाद महिला सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मनिका बत्रा को भी हार का सामना करना पड़ा। मनिका ने 4-1 से मुकाबला गंवाया दिया और यहां मनिका भी पदक की दौड़ से बाहर हो गई। मनिका को चीन की वांग मैनयु ने 11-2, 11-8, 11-8, 6-11, 11-4 से हराया।
महिला वॉलीबॉल टीम हारी
वॉलीबॉल महिला क्वालिफिकेशन मुकाबले में चाइनीज ताइपे के खिलाफ भारत को हार का सामना करना पड़ा। टीम ने पहले दो सेट 25-21,25-16 से गंवाने के बाद भारत ने तीसरा सेट भी 25-15 से हारने के बाद मैच गंवा दिया।