विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PV Sindhu दुबई से सुरक्षित लौटीं भारत, सोशल मीडिया पर लिखा इमोशनल पोस्ट

Published: Tue, 03 Mar 2026 01:34 PM (IST)

PV Sindhu: ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु दुबई में बढ़ते तनाव और एयरस्पेस बंद होने के कारण फंसी हुई थीं। ...और पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु पिछले कुछ दिनों से दुबई में फंसी हुई थीं। वहां बढ़ते संघर्ष और तनाव के कारण हालात काफी बिगड़ गए थे, जिससे उनके और उनके स्टाफ के लिए सुरक्षित निकलना मुश्किल हो गया था। अब पीवी सिंधु आखिरकार सुरक्षित अपने घर बेंगलुरु लोट आई हैं। भारत लौटने के बाद सिंधु ने अपने एक्स पर अपनी सुरक्षित वापसी की जानकारी शेयर की और राहत की सांस ली।

PV Sindhu ने भारत लौटने के बाद क्या कहा?

दरअसल, मध्य-पूर्व में बढ़ते अमेरिका-ईरान-इजरायल तनाव के कारण एयरस्पेस बंद होने से पीवी सिंधु दुबई में फंसी रहीं। इस दौरान पास में हुए एक धमाके के बाद दुबई एयरपोर्ट से उड़ाने निलंबित कर दी गई थीं, जिससे हालात और अनिश्चित हो गए। इस बीच पीवी सिंधु ने घर वापसी पर भावुक पोस्ट लिखते हुए कहा,

बेंगलुरु में अपने घर और सुरक्षित। पिछले कुछ दिन बहुत ही तनावपूर्ण और अनिश्चितता से भरे रहे, लेकिन मैं वापस आकर वास्तव में आभारी हूं। दुबई के अधिकारियों, एयरपोर्ट स्टाफ, इमिग्रेशन और उन सभी लोगों का तहे दिल से शुक्रिया जिन्होंने इस कठिन समय में हमारा ख्याल रखा। आपकी सहानुभूति और प्रोफेशनलिज्म के लिए शब्द कम हैं। अब समय है आराम करने और आगे की योजना बनाने का।

-

पीवी सिंधु

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंधु और उनके कोच इरवांस्या आदि प्रतामा जिस इलाके में रुके थे, उसके पास ही एक धमाका हुआ था, जिसने उन्हें बुरी तरह डरा दिया था। इस 'क्लोज कॉल' के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर काफी चिंता जताई जा रही थी।

ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप से बाहर

इस मानसिक तनाव और यात्रा में हुई देरी के कारण सिंधु अब ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं ले पाएंगी, जो मंगलवार यानी आज से शुरू हो रही है। पहले राउंड में उनका मुकाबला थाईलैंड की सुपानिदा काटेथोंग से होना था, लेकिन अब सिंधु ने आराम करने और खुद को 'रीसेट' करने का फैसला किया है। हालांकि, मौजूदा हालात को देखते हुए उनके अगले टूर्नामेंट और प्रैक्टिस कार्यक्रम को लेकर तस्वीर साफ नहीं है।

यह भी पढ़ें- पीवी सिंधू दुबई में फंसी, ऑल इंग्‍लैंड चैंपियनशिप में नहीं ले पाएंगी हिस्‍सा! लक्ष्‍य सेन पर होगी निगाहें

यह भी पढ़ें- उड़ानें रद होने से पीवी सिंधू, सोनल चौहान समेत कई हस्तियां दुबई में फंसीं, पीएम मोदी से लगाई मदद की गुहार