फोर्ब्स की सूची में पीवी सिंधू सर्वाधिक कमाई वाली इकलौती भारतीय महिला, सेरेना टॉप पर
पीवी सिंधू फोर्ब्स द्वारा जारी दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला खिलाडि़यों की सूची में इकलौती भारतीय हैं।
न्यूयॉर्क, प्रेट्र। भारत की बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू फोर्ब्स द्वारा जारी दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला खिलाडि़यों की सूची में इकलौती भारतीय हैं। इस सूची में अमेरिकी टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स शीर्ष पर हैं।
सिंधू 5.5 मिलियन डॉलर (करीब 39 करोड़ रुपये) की कुल कमाई के साथ सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला खिलाडि़यों की 2019 की सूची में संयुक्त रूप से 13वें स्थान पर हैं। फोर्ब्स के मुताबिक, सिंधू भारत की कमाई करने वाली अग्रणी खिलाड़ी बनी हुई हैं। 2018 में वह बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स जीतने वाली पहली भारतीय बनी थीं।
सेरेना 29.2 मिलियन (करीब दो अरब सात करोड़ रुपये) की कमाई के साथ 15 खिलाडि़यों की सूची में सबसे आगे हैं। फोर्ब्स ने कहा कि 37 वर्षीय विलियम्स ने कम से कम अगले साल तक खेलने की योजना बना रखी है, लेकिन वह पहले ही एस बाय सेरेना के नाम से कपड़ों के बाजार में उतर चुकी हैं और 2020 तक वह जूलरी और सौंदर्य उत्पादों को भी लांच करेंगी।
इस फेहरिस्त में जापान की टेनिस स्टार नाओमी ओसाका दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने सेरेना को हराकर 2018 के यूएस ओपन का खिताब अपने नाम किया था। ओसाका की कुल कमाई 24.3 मिलियन डॉलर (करीब एक अरब 72 करोड़ रुपये है। फोर्ब्स ने कहा कि खिलाडि़यों की जून 2018 से 2019 तक की कमाई में उनकी इनामी राशि, सैलरी, विज्ञापन और उपस्थिति शुल्क शामिल हैं। इस सूची में उन महिला खिलाडि़यों को शामिल किया गया है, जिनकी कमाई कम से कम पांच मिलियन डॉलर है। अगर इतनी कमाई के लिहाज से पुरुष खिलाडि़यों पर नजर डालें, तो पांच मिलियन डॉलर की कमाई करने के आंकड़े तक इस साल 1300 से ज्यादा पुरुष खिलाड़ी पहुंच जाएंगे।
सबसे ज्यादा कमाई करने वाली शीर्ष 15 महिला खिलाडि़यों की तुलना करें तो पिछले साल के 130 मिलियन डॉलर (नौ अरब 23 करोड़ रुपये) के मुकाबले यह आंकड़ा इस साल 146 मिलियन डॉलर (करीब 10 अरब 37 करोड़ रुपये) पहुंच गया। महिला खिलाडि़यों में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाडि़यों में सेरेना और ओसाका की कुल कमाई तीसरे स्थान पर काबिज एंजिलिक कर्बर से दोगुनी से ज्यादा है। टेनिस स्टार कर्बर ने 11.8 मिलियन डॉलर (83 करोड़ 80 लाख) कमाई की।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप