Para Asian Games 2026: पैरा एथलीटों ने फिर लगाया पदकों का शतक, 30 गोल्ड जीतकर तोड़ डाला पिछला रिकॉर्ड
भारत का पैरा एशियन गेम्स 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन रहा। भारत ने कुल 30 गोल्ड जीतकर इतिहास रच दिया।

पैरा एशियन गेम्स 2026

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नागोया। भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने आइची-नागोया में चल रहे एशियाई पैरा खेलों में उम्मीदों से बढ़कर प्रदर्शन करते हुए शुक्रवार को इतिहास रच दिया। खेलों के अंतिम दिन नौ स्वर्ण पदक जीतकर भारत ने अपने अभियान का समापन 114 पदकों के साथ किया।
भारत ने इस दौरान 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत ने 2023 में हांगझू पैरा एशियाई खेलों के पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया, जहां उसने 27 स्वर्ण सहित 108 पदक जीते थे।
खिलाड़ी कम, लेकिन प्रदर्शन में दिखा दम
खास बात यह है कि इस बार भारत ने लगभग आधे खिलाड़ियों का दल भेजने के बावजूद नया कीर्तिमान स्थापित किया। भारत ने इस बार 168 खिलाड़ियों का दल भेजा था।
इससे पहले साल 2023 में हांगझू में 303 खिलाड़ियों का दल गया था यानी इस बार भारतीय खिलाड़ियों की जीत का प्रतिशत 67.86 रहा। हांगझू पैरा एशियाई खेलों में ये प्रतिशत करीब 35.64 था।
एथलेटिक्स में भारत का कमाल
एथलेटिक्स फिर भी भारत की सबसे बड़ी ताकत बना रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने इस खेल में कुल 65 पदक जीते, जो 2023 के मुकाबले 12 अधिक हैं। अंतिम दिन भी एथलीटों ने विश्व रिकार्ड प्रदर्शन के साथ देश का गौरव बढ़ाया।
शुक्रवार को एथलेटिक्स में प्रणव सूरमा ने क्लब थ्रो, सुमित अंतिल और हनी ने भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीता। संदीप ने पुरुषों की 400 मीटर टी64 दौड़ में 52.28 सेकेंड का समय निकालकर नया विश्व रिकार्ड बनाया।
नितेश व नवीन का स्वर्णिम प्रदर्शन
बैडमिंटन में भारत ने तीन स्वर्ण पदक जीते। नितेश कुमार ने पुरुष सिंगल्स एसएल3 वर्ग के फाइनल में प्रमोद भगत को 21-18, 21-16 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
नवीन शिवकुमार ने पुरुष सिंगल्स एसएल4 वर्ग के फाइनल में इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान को 21-9, 21-17 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। थुलासिमथी मुरुगेसन के लिए भी दिन यादगार रहा। उन्होंने मानसी जोशी के साथ महिला डबल्स एसएल3-एसयू5 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
मोना ने तोड़ा विश्व रिकार्ड
पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस एसएच1 स्पर्धा में विश्व रिकार्ड तोड़कर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने आइची प्रीफेक्चर जनरल शूटिंग गैलरी में 357.5 अंक हासिल किए। यह इन खेलों में उनका दूसरा स्वर्ण पदक था।
तीरंदाजी में पैरालिंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह और पदार्पण कर रहे विजय सुंडी ने पुरुष डबल्स रिकर्व स्पर्धा के फाइनल में चीन के युन डुओ और झाओ लिक्स्यू को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
