जूनियर विश्व कप: हरियाणा की मुस्कान ने दी भारत को खुशी, गोल्ड पर साधा निशाना
मुस्कान का स्वर्ण भारत का टूर्नामेंट में चौथा व्यक्तिगत स्वर्ण पदक था। वह पिछले साल जूनियर विश्व चैंपियनशिप में चौथे स्थान पर रही थीं।
सिडनी, पीटीआइ। भारतीय निशानेबाज मुस्कान भानवाला ने आइएसएसएफ के आखिरी दिन महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देशवासियों के चेहरे पर मुस्कान ला दी। इसके साथ ही मुस्कान का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह पहला पदक है। उनके भाई अनीस भी इस टूर्नामेंट में 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
हरियाणा की 16 वर्षीय मुस्कान ने फाइनल में चीन की किन सिहांग और थाईलैंड की कान्याकोर्न हिरूनफोएम को पछाड़ते हुए पीला तमगा हासिल किया। सिहांग और हिरूनफोएम को क्रमश: रजत और कांस्य पदक हासिल हुआ। टीम वर्ग में भी मुस्कान, मनु भाकर ओर देव्यांशी राणा को स्वर्ण पदक मिला। भारत ने नौ स्वर्ण, पांच रजत, आठ कांस्य सहित 22 पदक जीते जबकि चीन को नौ स्वर्ण, आठ रजत व इतने ही कांस्य के साथ कुल 25 पदक मिले। पदकों की कुल संख्या में भारत चीन से पिछड़ गया और दूसरे स्थान पर रहा।
मुस्कान का स्वर्ण भारत का टूर्नामेंट में चौथा व्यक्तिगत स्वर्ण पदक था। वह पिछले साल जूनियर विश्व चैंपियनशिप में चौथे स्थान पर रही थीं। उन्होंने छठे दौर में बढ़त बनाकर परफेक्ट-5 का स्कोर किया। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी सिंहाग पर तीन अंकों की बढ़त के साथ स्वर्ण अपने नाम किया। मनु भाकर इस वर्ग में चौथे पायदान पर रहीं। टीम वर्ग में भारत की मुस्कान, मनु और राणा ने स्वर्ण जीता जबकि रजत भी भारत की गौड़, महिमा अग्रवाल और तनु रावल की टीम को मिला। थाईलैंड की टीम को कांसा मिला। पुरुषों की जूनियर स्कीट स्पर्धा में भारत के अनंतजीत सिंह नरुला, आयुष रुद्रराजू और गुरनिलाल सिंह ने कुल 348 के स्कोर के साथ चांदी हासिल की।