यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 07, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Pro Kabaddi League 2019: तमिल थलाइवाज और यूपी योद्धा के बीच का मुकाबला ड्रॉ
इस मुकाबले में किसी को जीत नहीं मिली और ये 28-28 से ड्रॉ रहा।

नई दिल्ली, जेएनएन। Pro Kabaddi League 2019: प्रो कबड्डी लीग के इस सीजन के 29वें मैच में यूपी योद्धा और तमिल थलाइवाज के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में किसी को जीत नहीं मिली और ये 28-28 से ड्रॉ रहा। इस सीजन में ये यूपी की टीम का दूसरा टाई है जबकि तमिल का इस सीजन में ये पहला टाई रहा।
इस मैच में पहले हाफ के बाद यूपी की टीम 16-11 से आगे थी। यूपी की तरफ से पहले 20 मिनट में काफी बढ़िया ऑलराउंड प्रदर्शन देखने को मिला। यूपी योद्धा की तरफ से रेडिंग में रिशांक देवाडिगा ने तीन और मोनू गोयत ने दो अंक हासिल किये, वहीं तमिल थलाइवाज की तरफ से राहुल चौधरी ने पहले हाफ में तीन अंक हासिल किये। डिफेन्स में यूपी की तरफ से सुमित और आशु सिंह ने बढ़िया प्रदर्शन किया और टीम को बढ़त दिलाने में अहम योगदान दिया। पहले हाफ में तमिल थलाइवाज एक बार ऑल आउट भी हुई।
दूसरे हाफ में काफी रोमांचक मुकाबला देखने को मिला और 31वें मिनट में यूपी योद्धा के ऑल आउट होने से स्कोर 23-23 हो गया था। 36वें मिनट में स्कोर फिर से 26-26 के साथ बराबर हुआ। इसके बाद भी दोनों टीमों ने एक दूसरे को आगे नहीं जाने दिया और अंत में मुकाबला 28-28 से टाई रहा।
