मैराडोना की 20 लाख रुपये कीमत की चोरी हुई घड़ी असम से बरामद, जानिए क्या है इसकी खासियत
असम पुलिस ने बताया कि जिस व्यक्ति के पास से घड़ी बरामद हुई है वह राज्य का ही निवासी है और दुबई में काम करता था। हाल ही में वह भारत लौटा था। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पहले व्यक्ति हैं जिन्होंने इसको लेकर जानकारी दी।
जेएनएन, नई दिल्ली। दिग्गज फुटबाल खिलाड़ी डिएगो मैराडोना की चोरी हुई घड़ी असम के शिवसागर जिले से शनिवार को बरामद कर ली गई। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घड़ी कथित रूप से दुबई (संयुक्त अरब अमीरात) से चुरा ली गई थी। हब्लो ब्रांड की इस घड़ी की कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। हब्लो की पैरेंट कंपनी एलबीएमएच के पास टैग ह्यूअर और जेनिथ जैसे मशहूर घड़ी ब्रांड भी हैं।
असम पुलिस ने बताया कि जिस व्यक्ति के पास से घड़ी बरामद हुई है, वह राज्य का ही निवासी है और दुबई में काम करता था। हाल ही में वह भारत लौटा था। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पहले व्यक्ति हैं, जिन्होंने इसको लेकर जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया, अंतरराष्ट्रीय सहयोग के तहत असम पुलिस ने दुबई पुलिस के साथ मिलकर महान फुटबाल खिलाड़ी डिएगो मैराडोना की हब्लो घड़ी बरामद कर ली है। इस सिलसिले में वाजिद हुसैन को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मैराडोना अर्जेटीना के पेशेवर फुटबाल खिलाड़ी थे। खेल के इतिहास में उन्हें महानतम खिलाडि़यों में एक माना जाता है। नवंबर 2020 में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था। असम के पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत ने बताया कि मैराडोना द्वारा पहनी जाने वाली यह घड़ी अन्य वस्तुओं के साथ दुबई में एक तिजोरी में रखी हुई थी। उन्होंने कहा कि दुबई पुलिस से हमें सूचना मिली कि वाजिद हुसैन नामक व्यक्ति ने दिग्गज फुटबालर की घड़ी चुरा ली और असम चला आया। शनिवार तड़के चार बजे हमने वाजिद हुसैन को शिवसागर स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घड़ी भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक, वाजिद हुसैन दुबई में एक निजी कंपनी में सुरक्षा कर्मी के तौर पर काम करता था। इसी साल अगस्त में अपने पिता की बीमारी की बात कहते हुए उसने भारत लौटने की अनुमति मांगी थी। डिएगो मैराडोना को फीफा विश्व कप 2010 के दौरान हब्लो बिग बैंग घडि़यां पहने देखा गया था। उसी साल हब्लो ने मैराडोना बिग बैंग क्रोनोग्राफ का सीमित संस्करण लांच किया था। इस संस्करण के तहत सिर्फ 250 घड़ियां बनाई गई थीं। सारी घड़ियां फीफा विश्व कप के दौरान ही बिक गई थीं।
ऐसी है यह घड़ी
--हब्लो मैराडोना बिग बैंग क्रोनोग्राफ का व्यास 44.5 मिलीमीटर है।
--यह काले सिरेमिक से बनी है। इसके काले डायल को नीलम क्रिस्टल कवर करता है।
--इस घड़ी पर मैराडोना का हस्ताक्षर और उनका जर्सी नंबर 10 भी लिखा है।
--इसके पिछले हिस्से पर उनकी तस्वीर भी बनी हुई है।
--इसमें 55 रत्न जड़े हैं और इसका पावर बैकअप 42 घंटे का है।