पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री के बेटे मानवादित्य राठौर ने निशानेबाजी में जीते 2 गोल्ड मेडल
Shotgun National Tournament पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर के बेटे मानवादित्य राठौर ने शॉटगन नेशनल टूर्नामेंट में दो गोल्ड जीते हैं।
नई दिल्ली, जागरण न्यूज नेटवर्क। पर्व केंद्रीय खेल मंत्री और मौजूदा भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौर के बेटे और राजस्थान के युवा निशानेबाज मानवादित्य सिंह राठौर ने शुक्रवार को यहां शॉटगन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। उन्होंने जूनियर वर्ग में व्यक्तिगत स्पर्धा में अपना पहला स्वर्ण पदक जीता। साथ ही जूनियर वर्ग में टीम स्पर्धा का स्वर्ण और सीनियर वर्ग में टीम स्पर्धा का रजत पदक जीता।
जूनियर फाइनल में मानवादित्य और पंजाब के जंगशेर सिंह विर्क के बीच कड़ा मुकाबला चला, लेकिन मानवादित्य ने 45-44 से जीत हासिल कर पहला राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया। उनके राज्य के साथी विवान कपूर ने 35 अंक से कांस्य पदक जीता। मानवादित्य ने जूनियर वर्ग में टीम खिताब भी जीता।
टीम वर्ग में मानवादित्य ने विवान और अमान अली इलाही के साथ मिलकर खिताब हासिल किया। वह सीनियर वर्ग में भी राजस्थान टीम के सदस्य रहे। सीनियर वर्ग के फाइनल में राजस्थान की टीम पंजाब से पीछे रही और उसे रजत से संतोष करना पड़ा। मानवादित्य पूर्व खेल मंत्री व बीजेपी सांसद और एथेंस ओलंपिक के रजत पदक विजेता राज्यवर्धन सिंह राठौर के बेटे हैं।
मानवजीत संधू को भी स्वर्ण
पूर्व विश्व चैंपियन मानवजीत सिंह संधू ने 12वां पुरुष ट्रैप स्वर्ण पदक हासिल किया। मानवजीत राउंड-24 में एक निशाना चूक गए, जिससे वह पांच फाइनल क्वालीफाइंग स्थान के लिए सात अन्य दावेदारों के साथ शूटऑफ में पहुंचे। कांस्य पदक जीतने वाले तेलंगाना के केनान चेनाई ने 125 में से 121 अंक से सीधे फाइनल के क्वालीफाई किया। मानवजीत ने फाइनल में 50 में से 42 निशाने लगाए और पंजाब के अपने साथी विश्वदेव सिंह सिद्धू को पछाड़ा, जिन्होंने 41 अंक जुटाए। केनान पहले 40 में से 32 निशाने से तीसरे स्थान पर खिसक गए थे। वहीं मानवजीत ने जंगशेर और नमनवीर सिंह बरार के साथ मिलकर टीम वर्ग में पहला स्थान हासिल किया।