Move to Jagran APP

महाराष्ट्र ने जीती खेलो इंडिया ट्रॉफी, 228 पदकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया

महाराष्ट्र ने 85 स्वर्ण, 62 रजत और 81 कांस्य सहित कुल 228 पदक जीतकर खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2019 में यहां ओवरऑल ट्रॉफी हासिल की।

By Sanjay SavernEdited By: Published: Sun, 20 Jan 2019 08:46 PM (IST)Updated: Sun, 20 Jan 2019 08:46 PM (IST)
महाराष्ट्र ने जीती खेलो इंडिया ट्रॉफी, 228 पदकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया
महाराष्ट्र ने जीती खेलो इंडिया ट्रॉफी, 228 पदकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया

पुणे, प्रेट्र। मेजबान महाराष्ट्र ने 85 स्वर्ण, 62 रजत और 81 कांस्य सहित कुल 228 पदक जीतकर खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2019 में यहां ओवरऑल ट्रॉफी हासिल की।

loksabha election banner

केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावडे़कर और महाराष्ट्र के खेल मंत्री विनोद तावड़े ने यहां शिव छत्रपति स्पो‌र्ट्स परिसर के बैडमिंटन हॉल में आयोजित समापन समारोह में महाराष्ट्र के खिलाडि़यों और अधिकारियों को ट्रॉफी प्रदान की।

जावडे़कर ने इस मौके पर कहा कि खिलाडि़यों के इस प्रदर्शन ने प्रधानमंत्री के 'पांच मिनट और' के संदेश को सार्थक किया है। सरकार हर स्कूल में एक घंटे के खेल पीरियड को लाने को लेकर प्रतिबद्ध है। तावड़े ने कहा कि वह 'सिर्फ पांच मिनट' नहीं चाहते, बल्कि 50 मिनट चाहते हैं। उन्होंने खिलाडि़यों की हौसलाअफजाई भी की। महाराष्ट्र खेलो इंडिया स्कूल गेम्स 2018 के विजेता हरियाणा से आगे रहा। हरियाणा ने 62 स्वर्ण, 56 रजत और 60 कांस्य पदक सहित 178 पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया। दिल्ली 48 स्वर्ण, 37 रजत और 51 कांस्य पदक सहित 136 पदक जीतकर तीसरे स्थान पर रहा।

आखिरी दिन रविवार को 15 स्वर्ण पदक दांव पर थे। इनमें से आठ पदक तीरंदाजी में थे, जहां मेजबान महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा ने दो-दो पदक जीते। दिल्ली और पंजाब ने एक-एक पदक हासिल किया।

वॉलीबॉल में तमिलनाडु और केरल को स्वर्ण : तमिलनाडु और केरल ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में वॉलीबॉल के अंडर-21 में क्रमश: लड़कियों और लड़कों के वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। लड़कियों के फाइनल में तमिलनाडु ने केरल को 23-25, 11-25, 25-23, 25-18, 15-9 से हराया। पश्चिम बंगाल ने महाराष्ट्र को हराकर कांस्य पदक जीता। लड़कों के अंडर-21 के फाइनल में केरल ने तमिलनाडु को 21-25, 25-15, 25-23, 25-20 से पराजित किया, जबकि उत्तर प्रदेश ने पंजाब को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।

लड़कियों के अंडर-17 का स्वर्ण पश्चिम बंगाल ने महाराष्ट्र को 25-15, 25-13, 25-14 से हराकर जीता। इस वर्ग में केरल ने कांस्य पदक हासिल किया। उसने तीसरे स्थान के प्लेऑफ में तमिलनाडु को हराया।

सुरभि और मानुष ने जीते स्वर्ण : पश्चिम बंगाल की सुरभि पटवारी और गुजरात के मानुष शाह ने यहां अंडर-21 वर्ग में पुरुषों एवं महिलाओं के टेबल टेनिस फाइनल में जीत हासिल की। दोनों ने अपने-अपने प्रदेश के लिए सोने का तमगा हासिल किया। सुरभि पटवारी के सामने अपने ही प्रदेश की कौशनी नाथ की चुनौती थी। यह मैच बेहद रोचक हुआ और मुकाबला छह गेमों के बाद 3-3 से बराबर था। आखिरी गेम को जीतने के साथ सुरभि ने मैच 16-14 से जीता। वहीं, गुजरात के मानुष को फाइनल में पश्चिम बंगाल के अनिर्बान घोष ने कड़ी चुनौती दी। मानुष ने यह मुकाबला 11-8, 7-11, 10-12, 11-9, 11-7, 8-11, 11-4 से जीता।

हरियाणा ने हॉकी में मारी बाजी : हरियाणा ने यहां झारखंड को 3-0 से हराकर हॉकी टूर्नामेंट में अंडर-21 लड़कियों का खिताब जीता। इससे पहले पंजाब ने ओडिशा को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। हरियाणा की तरफ से महिमा चौधरी, अमनदीप कौर और अमरिंदर कौर ने गोल किए। इसके अलावा सचिन गुप्ता और पारस हुड्डा ने लड़कों के क्रमश: अंडर-21 और अंडर-17 रिकर्व वर्ग में स्वर्ण पदक जीते जिससे हरियाणा खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तीरंदाजी टूर्नामेंट में पदक तालिका में शीर्ष पर रहा। हरियाणा ने तीरंदाजी में दो स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक सहित कुल सात पदक जीते।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.