खेल रत्न साक्षी मलिक ने जाहिर की अपनी इच्छा, कहा- नाम के आगे लगे अर्जुन पुरस्कार विजेता
साक्षी मलिक ने कहा कि उनका भी सपना है कि उनके नाम के आगे अर्जुन पुरस्कार विजेता लगे।
जागरण संवाददाता, रोहतक। खेल मंत्रालय की ओर से अर्जुन पुरस्कार के लिए 27 खिलाड़ियों का चयन किए जाने के एक दिन बाद ही ओलंपिक पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं।
खेल रत्न से सम्मानित साक्षी मलिक कादियान ने ट्वीट कर लिखा कि उनको खेल रत्न से सम्मानित किया गया, इसका उन्हें गर्व है, लेकिन हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वह तमाम पुरस्कार अपने नाम कर लें। उनका भी सपना है कि उनके नाम के आगे अर्जुन पुरस्कार विजेता लगे। वह अब ऐसा कौन सा पदक जीतकर लाएं कि उनको अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी लिखा कि कुश्ती जीवन में शायद उन्हें कभी यह पुरस्कार जीतने का सौभाग्य ही न मिले।
आपको बता दें कि इस साल के चयनित अर्जुन पुरस्कार की सूची में साक्षी के अलावा भारोत्तोलक मीराबाई चानू का नाम हटा दिया गया था क्योंकि उन्हें खेल रत्न मिल चुका है। साक्षी ने 2016 रियो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था और इस पदक पर ही उन्हें खेल रत्न से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा उन्हें पदमश्री से भी सम्मानित किया जा चुका है। वहीं मीराबाई चानू भी खेल रत्न से सम्मानित हो चुकी हैं और उनका नाम पर अर्जुन पुरस्कार विजेता की लिस्ट से हटा दिया गया।
नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड के लिए गठित की गई कमेटी ने साक्षी और मीराबाई के नाम की सिफारिश भी अर्जुन पुरस्कार के लिए की थी। इस पर अंतिम फैसला खेल मंत्रालय को करना था, लेकिन खेल मंत्रालय ने उन्हें अर्जुन पुरस्कार नहीं देने का फैसला किया। हर साल की तरह इस बार भी खेल पुरस्कार 29 अगस्त को नेशनल स्पोर्ट्स डे के दिन ही दिया जाएगा। हालांकि इस बार कोविड 19 महामारी की वजह से वर्चुअल पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जा सकता है।